डेली संवाद, चंडीगढ़। Haryana Weather News: हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल और रेवाड़ी के कुछ इलाकों में आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा (Haryana) में 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसका असर हरियाणा के मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा, जिससे आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव संभव है।
तापमान में गिरावट दर्ज
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को औसत न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। IMD के अनुसार प्रदेश का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जिससे सुबह और रात के समय लोगों को गर्मी से राहत मिली।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतक में 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नारनौल में 22.5 डिग्री, गुरुग्राम में 23 डिग्री, भिवानी में 24.5 डिग्री और सिरसा में 22 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी
वहीं अंबाला में 21.4 डिग्री, हिसार में 20.8 डिग्री, करनाल में 19.9 डिग्री और चंडीगढ़ में 19.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान फिर तेजी से बढ़ सकता है।
अनुमान के मुताबिक उत्तर हरियाणा में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में यह 40 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई गई है।
