डेली संवाद, जालंधर।
Jalandhar News: जालंधर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फरीदकोट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह उर्फ किक्की ढिल्लों से करीब 9 घंटे तक पूछताछ की। लंबी पूछताछ के बाद ईडी कार्यालय से बाहर निकले ढिल्लों ने कहा कि अधिकारियों ने उनके साथ पूरा सहयोग किया है और उन्होंने ईडी द्वारा मांगे गए सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं।
9 घंटे तक पूछताछ की
जानकारी के अनुसार किक्की ढिल्लों बुधवार सुबह करीब 11 बजे जालंधर स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे थे। इसके बाद उनसे लगातार पूछताछ की गई और रात 8 बजे के बाद वह कार्यालय से बाहर निकले। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है, इसलिए वह पूछताछ के दौरान पूछे गए सवालों के बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं कर सकते।
उन्होंने बताया कि ईडी ने आय और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कुछ दस्तावेज मांगे थे, जिन्हें उन्होंने अधिकारियों को सौंप दिया है। पूर्व विधायक ने कहा कि उन्हें भारत की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उन्हें विश्वास है कि अदालत से उन्हें न्याय मिलेगा। इतना कहने के बाद वह अपनी गाड़ी से फरीदकोट के लिए रवाना हो गए।
[caption id="attachment_19920" align="aligncenter" width="1200"]
Kikki Dhillon Money Laundering Case[/caption]
7.53 करोड़ के स्रोत का जवाब नहीं दे पाए थे ढिल्लों
गौरतलब है कि किक्की ढिल्लों के खिलाफ मई 2023 में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। विजिलेंस की जांच में दावा किया गया था कि वर्ष 2017 से 2022 के बीच ढिल्लों ने लगभग 10.72 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि इसी अवधि में उनकी कुल आय 3.18 करोड़ रुपये दर्ज की गई। जांच एजेंसी के अनुसार करीब 7.53 करोड़ रुपये की राशि के स्रोत के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका था।
विजिलेंस ब्यूरो ने जांच के दौरान उनकी चल और अचल संपत्तियों का मूल्यांकन किया था। आरोप है कि उन्होंने फरीदकोट जिले के गांव मुमरा समेत विभिन्न स्थानों पर अन्य व्यक्तियों के नाम पर संपत्तियां खरीदीं। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से लगभग 245 प्रतिशत अधिक खर्च किया। इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और मामला फिलहाल अदालत में लंबित है। साथ ही उनके दो सहयोगियों गुरसेवक सिंह और राजविंदर सिंह के खिलाफ भी भ्रष्टाचार संबंधी मामला दर्ज किया गया था।