डेली संवाद, जालंधर। Accident News: जालंधर-आदमपुर जीटी रोड पर गांव दौलतपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक बेकाबू कार ने मोटरसाइकिल और एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक और एक्टिवा चला रहे दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा आदमपुर-किशनगढ़ जीटी रोड पर दौलतपुर गांव के पास हुआ। हुंडई ईऑन कार PB05 AD 8569 में सवार अमन नामक व्यक्ति होशियारपुर से फिरोजपुर की ओर जा रहा था।
पीछे से आ रही एक्टिवा भी चपेट में
दौलतपुर के पास अचानक कार चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सामने से आ रही मोटरसाइकिल PB08 EM 1217 से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा। बाइक से टकराने के बाद भी कार नहीं रुकी और पीछे से आ रही एक्टिवा को भी अपनी चपेट में ले लिया।
एक्टिवा पर एक महिला सवार थी। हादसे में बाइक और एक्टिवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दो वाहनों को टक्कर मारने के बाद कार सड़क के दूसरी तरफ जाकर पेड़ों से जा टकराई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में सवार चार लोग बाल-बाल बचे
कार में कुल चार लोग सवार थे। हादसे के बावजूद कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी आलवलपुर के इंचार्ज एएसआई रविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। एएसआई रविंदर सिंह के अनुसार, घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उनकी स्थिति सामान्य होने के बाद तीनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। बयानों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कार चालक का वाहन से नियंत्रण किस वजह से खोया।