Skip to content

Ankit Balyan Murder Case: पुलिस और बदमाशों में एनकाउंटर, दो गैंगस्टरों की गोली लगने से मौके पर मौत, इलाके में मची अफरा-तफरी

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई। शामली में मुठभेड़ के दौरान 50-50 हजार रुपये के इनामी दो आरोपी सुमित और मोहित मारे गए, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

Ankit Balyan Murder Case: पुलिस और बदमाशों में एनकाउंटर, दो गैंगस्टरों की गोली लगने से मौके पर मौत, इलाके में मची अफरा-तफरी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, शामली। Ankit Balyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार सुबह मुठभेड़ में दो शूटरों को मार गिराया। पुलिस के अनुसार, मारे गए आरोपियों की पहचान सुमित (24) और मोहित (22) के रूप में हुई है।

मारे गए दोनों बदमाश सोनीपत, हरियाणा के रहने वाले थे और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बाइक से शामली से सोनीपत की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की।

पकड़े जाने के डर से की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, घिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई।

मुठभेड़ के दौरान सुमित और मोहित गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार, सुमित के खिलाफ एक और मोहित के खिलाफ करीब 15 मुकदमे दर्ज थे।

26 अगस्त को अंकित बालियान की हत्या

32 वर्षीय सिंगर अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह जिम से निकलने के बाद अपनी स्कॉर्पियो में बैठे ही थे कि हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।

बताया गया कि बदमाशों ने करीब 18 राउंड फायरिंग की। अंकित को सिर और पेट में पांच गोलियां लगी थीं। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दो आरोपी अभी भी फरार

पुलिस के मुताबिक, सुमित और मोहित ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में सत्यम और आर्यन अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

पिता बोले- अभी आधा इंसाफ मिला

अंकित बालियान के पिता सतबीर ने पुलिस कार्रवाई के बाद कहा कि उन्हें अभी आधा इंसाफ मिला है और बाकी आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही उन्हें पूरी तसल्ली होगी। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर भरोसा जताया।

गोगी ग्रुप और भूपेंद्र ढींगरा के दावों से मामला चर्चा में

हत्या के अगले दिन हरियाणा के कथित 'गोगी ग्रुप' ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पोस्ट में अंकित पर विरोधियों का साथ देने का आरोप लगाया गया था।

वहीं, सिंगर-एक्टर भूपेंद्र ढींगरा ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अंकित के साथ जिम में विवाद होने और हत्या से जुड़े गंभीर दावे किए थे। इन दावों की पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि महत्वपूर्ण होगी।

CCTV में नजर आए थे चार संदिग्ध

पुलिस ने घटना के बाद आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली थी। पुलिस के अनुसार, फुटेज में चार संदिग्ध वारदात से जुड़े दिखाई दिए थे।

अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। उनके पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं, जबकि उनकी पत्नी सीमा दिल्ली में सरकारी शिक्षिका हैं।