डेली संवाद, चंडीगढ़। Chandigarh Police Bharti New Rules: चंडीगढ़ पुलिस ने कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब पुरुष और महिला कांस्टेबल (कार्यकारी) पदों के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।
उम्मीदवारों का चयन अब लिखित परीक्षा और निर्धारित बोनस अंकों के आधार पर किया जाएगा। पुलिस विभाग ने कांस्टेबल भर्ती (तीसरा संशोधन) नियम, 2026 को अधिसूचित कर दिया है। इसके साथ ही भविष्य में होने वाली भर्तियां पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया (TRP) नियमों के तहत आयोजित की जाएंगी।
तीन भाषाओं में होगी परीक्षा
नए नियमों के अनुसार उम्मीदवार अब लिखित परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी तीनों भाषाओं में दे सकेंगे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे।
100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
कांस्टेबल भर्ती के लिए 100 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को परीक्षा देने के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) या OMR शीट आधारित परीक्षा का विकल्प दिया जाएगा।
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए चुना जाएगा, जिसमें शारीरिक दक्षता और माप परीक्षण (Physical Efficiency and Measurement Test) शामिल होगा।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया को अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए यह बदलाव किया गया है। ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (BPR&D) की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया (TRP) गाइडलाइंस के तहत अब इंटरव्यू को चयन प्रक्रिया से हटा दिया गया है।
इस बदलाव के बाद उम्मीदवारों का अंतिम चयन लिखित परीक्षा में प्रदर्शन और नियमों के अनुसार मिलने वाले बोनस अंकों के आधार पर किया जाएगा।