डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: पटियाला के पातड़ां से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पुराने बस स्टैंड के पास एक महिला की पहले बेसबॉल से बेरहमी से पिटाई की गई और इसके बाद उसे दो गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस दौरान एक ऑटो ड्राइवर भी गोली लगने से घायल हो गया। घायल को गंभीर हालत में राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह वारदात बुधवार रात करीब 8:15 बजे पातड़ां के पुराने बस स्टैंड पर हुई। मृतका की पहचान सुंदर बस्ती निवासी दिलप्रीत कौर के रूप में हुई है, जबकि गोली लगने से घायल ऑटो ड्राइवर की पहचान लखवीर सिंह के तौर पर हुई है।
बस से उतरकर घर जा रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम दिलप्रीत कौर बस से उतरकर अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और बेसबॉल से हमला कर दिया। महिला की बेरहमी से पिटाई करने के बाद आरोपियों ने उसे दो गोलियां मार दीं। गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई।
वारदात के दौरान मौके पर मौजूद ऑटो ड्राइवर लखवीर सिंह भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना पातड़ां के प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी गगनदीप सिंह सिद्ध ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला पर हमला क्यों किया गया और इस वारदात के पीछे कितने लोग शामिल थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पटियाला के पातड़ां में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपियों की संख्या का खुलासा हो सकेगा।