Skip to content

Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून फिर एक्टिव, जालंधर-पठानकोट में झमाझम बारिश; तापमान भी गिरा

पंजाब में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। जालंधर और पठानकोट में गुरुवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून फिर एक्टिव, जालंधर-पठानकोट में झमाझम बारिश; तापमान भी गिरा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, मोहाली। Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। गुरुवार सुबह से जालंधर और पठानकोट में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के लगभग सभी जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चंडीगढ़ में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

बारिश के कारण पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कई इलाकों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

पंजाब-चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ इस समय फिरोजपुर से होकर उत्तर भारत के कुछ हिस्सों से गुजर रही है। इसके प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम सक्रिय बना हुआ है। इसके चलते आने वाले समय में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

रोपड़ में सबसे ज्यादा बारिश

19 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक रोपड़ KVK में सबसे अधिक 8.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भाखड़ा डैम में 4.0 मिमी, लुधियाना में 3.4 मिमी और पठानकोट KVK में 3.0 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसी अवधि में चंडीगढ़ में 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

वहीं फिरोजपुर, अमृतसर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, लुधियाना AWS, मोहाली और संगरूर में बारिश दर्ज नहीं हुई। फिलहाल पंजाब में मानसून सक्रिय रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान में भी राहत मिली है। हालांकि बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।