डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: चुनावी बिसात बिछने से पहले ही जालंधर कैंट हलका में आम आदमी पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी तेज हो गई है। 6.5 करोड़ की लागत से अपग्रेड हुए केपी स्टेडियम के उद्घाटन को लेकर आप की हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा और डिप्टी मेयर मलकीत सिंह के समर्थक आमने-सामने रहे। जाहिर है टिकट के चाहवानों के बीच आपस में ही सियासी खींचतान बढ़ गई है।
जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के भीतर कुछ महीनों से चल रही आपसी खींचतान अब सार्वजनिक रूप से नजर आने लगी है। एक दिन पहले मिट्ठापुर स्थित केपी स्टेडियम के नवीनीकरण के उद्घाटन समारोह में पार्टी के दो गुट आमने-सामने दिखाई दिए।
अंदरूनी गुटबाजी
कार्यक्रम में नेताओं के साथ उनके समर्थकों की मौजूदगी ने भी अंदरूनी गुटबाजी को उजागर कर दिया। उद्घाटन समारोह में आम आदमी पार्टी की हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा और डिप्टी मेयर मलकीत सिंह पहुंचे थे। दोनों नेताओं के समर्थक भी काफी संख्या में मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान शक्ति प्रदर्शन जैसा माहौल दिखाई दिया।
कार्यक्रम में हलका विधायक परगट सिंह के समर्थक भी पहुंचे थे और उन्होंने स्टेडियम के नवीनीकरण का श्रेय विधायक को देने की बात कही। आरोप लगाया कि जिस परगट सिंह के विधायक ग्रांट से स्टेडियम को अपग्रेड किया गया है, जबकि परगट सिंह का नाम तक उदघाटी पत्थर पर नहीं है। साथ ही कहा कि अगर विधायक से नहीं तो कम से कम मेयर वनीत धीर उदघाटन करते, लेकिन रिबन काटने वाली राजविंदर कौर थियाड़ा तो किसी संवैधानिक पद पर भी नहीं हैं।
कैंट में गुटबाजी तेज
कैंट विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी को लेकर स्थिति लगातार दिलचस्प होती जा रही है। पार्टी के भीतर कई नेता टिकट के लिए अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। डिप्टी मेयर मलकीत सिंह कैंट से टिकट के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं, जबकि बीते समय में उनको डिप्टी मेयर बनाने में हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा की अहम भूमिका रही थी।
बाद में कई कारणों से दोनों एक-दूसरे के सियासी विरोधी बन गए, तब से दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक खींचतान चल रही है। उधर, काकू आहलूवालिया और मंगल सिंह के नाम भी टिकट की रेस में है। ऐसे में एक ही विधानसभा क्षेत्र से कई नेताओं की दावेदारी ने पार्टी के भीतर प्रतिस्पर्धा बढ़ा दी है, जिसके कारण कई मौके पर आप की किरकिरी हो चुकी है।
थियाड़ा चुनावी तैयारी में
वैसे मौजूदा हलका इंचार्ज होने के नाते राजविंदर कौर थियाड़ा चुनावी तैयारी में लगी हैं। लेकिन केपी स्टेडियम के उद्घाटन समारोह में जिस तरह अलग-अलग नेताओं के समर्थक आमने-सामने दिखाई दिए, उससे साफ है कि कैंट में आम आदमी पार्टी के टिकट की लड़ाई अब केवल अंदरूनी चर्चा तक सीमित नहीं रह गई है।