Skip to content

Jalandhar News: जालंधर में भाजपा के खिलाफ कांग्रेसी नेताओं ने लगाया धरना, पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी और MLA परगट सिंह ने लगाया बड़ा आरोप

हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच शुद्धिकरण के विरोध में पंजाब कांग्रेस ने जालंधर में भाजपा के खिलाफ धरना दिया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर जातिवाद की राजनीति करने और संविधान की भावना के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया।

Jalandhar News: जालंधर में भाजपा के खिलाफ कांग्रेसी नेताओं ने लगाया धरना, पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी और MLA परगट सिंह ने लगाया बड़ा आरोप
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर पंजाब कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी मामले के विरोध में सोमवार को जालंधर के देशभगत यादगार हॉल में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया।

इस दौरान भाजपा पर जातिवाद और धर्म के नाम पर राजनीति करने के गंभीर आरोप लगाए गए। धरने में जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह और जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने हल्द्वानी की घटना को लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताया।

अनुच्छेद 14, 15 और 17 का दिया हवाला

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के संविधान ने हर नागरिक को समानता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है। नेताओं के मुताबिक, संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 17 समानता, भेदभाव के खिलाफ संरक्षण और अस्पृश्यता के उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण अधिकारों की गारंटी देते हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि किसी नेता के भाषण के बाद मंच का कथित तौर पर शुद्धिकरण किया जाना केवल एक पार्टी अध्यक्ष का अपमान नहीं है, बल्कि यह संविधान की भावना और सामाजिक समानता के सिद्धांतों पर भी सवाल खड़ा करता है।

महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर आरोप लगाया कि देश में महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक चुनौतियों और विदेश नीति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे मौजूद हैं, लेकिन इन मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय जनता का ध्यान जाति और धर्म की राजनीति की ओर मोड़ने की कोशिश की जा रही है।

नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जाति या धर्म के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ भेदभाव की मानसिकता स्वीकार नहीं की जा सकती।

‘संगत और पंगत’ की परंपरा का किया जिक्र

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पंजाब के गुरुओं और पीरों द्वारा दिए गए ‘संगत और पंगत’ के संदेश का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पंजाब की सामाजिक और धार्मिक परंपरा समानता, भाईचारे और सभी को साथ लेकर चलने की रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंजाब की धरती भेदभाव और ऊंच-नीच की मानसिकता के खिलाफ हमेशा आवाज उठाती रही है। उन्होंने भाजपा से ऐसी राजनीति छोड़कर महंगाई, रोजगार और आम जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देने की मांग की।

धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हल्द्वानी की घटना पर अपना विरोध दर्ज कराया।