Skip to content

Train Accident: महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, दो डिब्बे पटरी से उतरे, मचा हड़कंप, स्टेशन मैनेजर सस्पेंड

बिहार के आरा रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के 15483 महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई। इंजन, SLR और H-1 कोच पटरी से उतर गए। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। गलत सिग्नल के चलते ट्रेन के सासाराम लाइन पर जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद स्टेशन मैनेजर एनके राय को सस्पेंड कर दिया गया।

Train Accident: महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, दो डिब्बे पटरी से उतरे, मचा हड़कंप, स्टेशन मैनेजर सस्पेंड
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, आरा। Train Accident: बिहार के आरा रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के बड़ा रेल हादसा टल गया। 15483 अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस सुबह करीब 4 बजे डिरेल हो गई। हादसे में ट्रेन का इंजन, SLR और H-1 कोच पटरी से उतर गए।

हालांकि रेलवे के अनुसार, एक बोगी का केवल एक पहिया पटरी से उतरने की बात सामने आई है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

गलत सिग्नल के कारण हादसा

जानकारी के मुताबिक, महानंदा एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब 4:12 बजे आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची थी। यहां से ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना होना था। इसी दौरान ट्रेन को गलत सिग्नल मिल गया और उसका रूट सासाराम लाइन की ओर चला गया।

ट्रेन आगे बढ़ी और स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में डिरेल हो गई। इंजन के साथ SLR और H-1 कोच के पटरी से उतरने के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया।

यात्रियों को प्लेटफॉर्म-4 पर बैठाया

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। यात्रियों को अनाउंसमेंट के जरिए प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर बैठाया गया। इसके बाद डिरेल हुए कोचों को छोड़कर ट्रेन को दूसरे इंजन की मदद से रिवर्स कर दूसरी तरफ लाया गया।

करीब साढ़े 3 घंटे बाद महानंदा एक्सप्रेस को रवाना किया गया। डिरेल हुए कोचों की मरम्मत और उन्हें पटरी पर लाने का काम जारी है।

स्टेशन मैनेजर सस्पेंड

हादसे के बाद आरा स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक एनके राय को सस्पेंड कर दिया गया है। सस्पेंड स्टेशन मैनेजर ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 4:20 बजे ट्रेन के डिरेल होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे।

एनके राय के मुताबिक, मौके पर SLR और H-1 बोगी डिरेल मिली। उन्होंने बताया कि दोनों बोगियों के दो-दो पहिए पटरी से उतरे थे। उनके अनुसार हादसे की वजह गलत सिग्नल होना बताया जा रहा है, हालांकि गलती किस स्तर पर हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

दिल्ली-हावड़ा रूट प्रभावित

महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने से दिल्ली-हावड़ा रेल रूट प्रभावित हुआ है। हादसे के कारण कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा और ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

प्रभावित ट्रेनों में वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम एक्सप्रेस, कैपिटल एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, गरीब रथ, पैसेंजर और उधना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे कर रहा तकनीकी जांच

महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने की असली वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। रेलवे अधिकारियों की टीम पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि ट्रेन गलत सिग्नल के कारण सासाराम लाइन की ओर कैसे चली गई और डिरेलमेंट के लिए जिम्मेदार कौन था।