डेली संवाद, जालंधर। Punjab News: पंजाब के होशियारपुर जिले के चब्बेवाल से जुड़ा एक वैवाहिक विवाद सामने आया है। एक पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी चार साल पहले स्टडी वीजा (Study Visa) पर कनाडा गई थी, लेकिन पढ़ाई पूरी करने और वर्क परमिट मिलने के बाद उसने पति से दूरी बना ली।
पति का दावा है कि अब पत्नी उसका फोन भी नहीं उठाती और किसी अन्य युवक के साथ कनाडा में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। पति ने बताया कि पत्नी की ओर से कनाडा (Canada) बुलाने के लिए जरूरी दस्तावेज नहीं भेजे गए।
मार्च 2019 में हुई थी शादी
इसके बाद उसने अब तलाक के लिए केस फाइल किया है। पति ने अपनी पत्नी पर धोखे और मानसिक परेशानी देने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों पर पत्नी का पक्ष सामने नहीं आया है। गांव सीणा निवासी नवजीत सिंह मान के मुताबिक, उसकी शादी मार्च 2019 में होशियारपुर की रहने वाली राजप्रीत कौर के साथ हुई थी।
नवजीत का दावा है कि पत्नी के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसलिए शादी का पूरा खर्च और उसे कनाडा भेजने की पढ़ाई संबंधी फीस भी उसके परिवार की ओर से वहन की गई। सितंबर 2019 में राजप्रीत कौर स्टडी वीजा पर कनाडा के ब्रैम्पटन चली गई।
कनाडा जाने के बाद भेजे 28 लाख से ज्यादा रुपये
नवजीत के मुताबिक, भारत से कनाडा भेजने की प्रक्रिया से लेकर उसके कनाडा जाने के बाद तक उसने पत्नी को करीब 28 लाख रुपये से अधिक भेजे।
उसका कहना है कि शुरुआत में दोनों के बीच सब कुछ ठीक था। लेकिन पढ़ाई पूरी होने और वर्क परमिट मिलने के बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आने लगा। पति का आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने उसे कनाडा बुलाने के लिए जरूरी कागजात भेजने बंद कर दिए।
दूसरे युवक के साथ लिव-इन में रहने का आरोप
नवजीत ने आरोप लगाया कि जानकारी जुटाने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी ब्रैम्पटन में रेशम नाम के एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है।
पति का कहना है कि जब उसने इस संबंध में पत्नी के परिवार से बात की तो मामला सुलझाने के बजाय उसे और उसके परिवार को दहेज का झूठा केस दर्ज करवाने की धमकियां दी जाने लगीं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने का दावा
नवजीत के मुताबिक, उसकी पत्नी सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय और लोकप्रिय है। उसके डेढ़ लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। पति का दावा है कि वह कई पंजाबी गानों में मॉडलिंग भी कर चुकी है।
नवजीत ने आरोप लगाया कि इस पूरे विवाद के कारण उसे और उसके परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसका कहना है कि इस तनाव के चलते उसकी मां की तबीयत भी काफी बिगड़ गई है।
होशियारपुर SSP कार्यालय में दी शिकायत
मामले को लेकर नवजीत सिंह मान ने होशियारपुर SSP कार्यालय में शिकायत दी है। साथ ही उसने वैवाहिक विवाद को लेकर तलाक का केस भी फाइल करने की बात कही है।
फिलहाल पत्नी की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस शिकायत और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।