Skip to content

Punjab News: लेडी ब्लॉगर के आरोपों से सनसनी: पहले सोशल मीडिया पर नजदीकी, फिर गन दिखाकर रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप

मोहाली की सोशल मीडिया ब्लॉगर एवं बिजनेस वुमन के कथित रेप केस की शिकायत कॉपी सामने आई है। शिकायत में गन पॉइंट पर रेप, अश्लील वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए गए हैं।

Punjab News: लेडी ब्लॉगर के आरोपों से सनसनी: पहले सोशल मीडिया पर नजदीकी, फिर गन दिखाकर रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: मोहाली की सोशल मीडिया ब्लॉगर एवं बिजनेस वुमन से जुड़े कथित रेप मामले में पुलिस को दी गई शिकायत की कॉपी सामने आई है। शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी चहल सोशल मीडिया के जरिए उसके संपर्क में आया और धीरे-धीरे विश्वास जीतकर नजदीकियां बढ़ाईं।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी सामान ऑर्डर करने के बहाने उसके फ्लैट पर आया और गन पॉइंट पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने बाद में अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे कथित तौर पर ब्लैकमेल किया। मामले में पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी आरोपी से दोस्ती

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने खुद को बिजनेस वुमन और सोशल मीडिया ब्लॉगर बताया है। उसके मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया के जरिए उसके संपर्क में आया था। धीरे-धीरे आरोपी ने उसके ब्लॉग में रुचि दिखाकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और उसका विश्वास हासिल किया।

सामान ऑर्डर करने के बहाने फ्लैट पर पहुंचा

शिकायत के अनुसार, 27 नवंबर 2025 को आरोपी सामान ऑर्डर करने के बहाने उसके फ्लैट पर आया। पीड़िता का आरोप है कि उसके विरोध और इनकार के बावजूद आरोपी ने गन पॉइंट पर उसके साथ जबरदस्ती की।

पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण उस समय उसने पुलिस में शिकायत नहीं दी और आरोपी से दूरी बना ली।

अश्लील वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी

पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि करीब दो महीने बाद जनवरी 2026 में आरोपी ने फोन और Snapchat के जरिए उसे कथित तौर पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

आरोपी ने कथित तौर पर धमकी दी कि उसके पास पीड़िता के अश्लील वीडियो और फोटो हैं और यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो उन्हें वायरल कर दिया जाएगा।

वर्कप्लेस पर पहुंचकर धमकाने का आरोप

शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी अपने अज्ञात साथियों, ड्राइवरों, बॉडीगार्ड और सरकारी सिक्योरिटी कर्मचारियों के साथ उसके वर्कप्लेस पर पहुंचा। वहां कथित तौर पर उसे गालियां दी गईं, डराया गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं।

25 अप्रैल को दोबारा धमकी देने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, 25 अप्रैल को आरोपी ने Snapchat पर कॉल कर उसे अपने फ्लैट पर आने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए कथित तौर पर मजबूर किया। शिकायत में आरोपी द्वारा अपने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और गैंगस्टरों से संबंध होने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता का आरोप है कि उसी शाम आरोपी ने उसकी ईमेल आईडी पर धमकी भरे अश्लील मैसेज भी भेजे। इसके बाद उसने पूरी बात अपने वकील को बताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दाखिल की थी अनट्रेस रिपोर्ट

इस मामले में पुलिस ने 24 जुलाई को अदालत में अनट्रेस रिपोर्ट दाखिल की थी। पुलिस की ओर से अदालत में कहा गया था कि पीड़िता बयान दर्ज करवाने के लिए पेश नहीं हो रही थी।

अब पीड़िता 5 सितंबर को मोहाली कोर्ट में पेश हुई और अपने बयान दर्ज करवाए। उसने पुलिस जांच को लेकर नाराजगी भी जताई। पीड़िता का कहना है कि अदालत के निर्देशों के बावजूद जांच के दौरान उससे संपर्क नहीं किया गया।

5 करोड़ की कथित रिश्वत के आरोपों से भी जुड़ा मामला

पीड़िता के वकील एचएस धनौआ ने बताया कि केस की अनट्रेस रिपोर्ट और पुलिस जांच की सर्टिफाइड कॉपी लेने के लिए आवेदन किया गया है। कॉपी मिलने के बाद अनट्रेस रिपोर्ट पर जवाब दाखिल किया जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 19 सितंबर को होगी।

यह वही मामला है, जिसे लेकर 5 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत के आरोप लगाए जा रहे हैं। अब पहली बार मामले की मूल शिकायत से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। हालांकि, इन आरोपों और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और अदालत की कार्यवाही के बाद ही सामने आएगा।

कोर्ट ने जून में गाड़ी रिलीज करने के दिए थे आदेश

मामले में अदालत ने 16 जून को उस गाड़ी को रिलीज करने के आदेश दिए थे, जिसे पुलिस ने केस प्रॉपर्टी बनाया था। पुलिस ने अदालत में कहा था कि जांच के दौरान अब गाड़ी की जरूरत नहीं है।

अदालत ने शर्तों के साथ वाहन रिलीज करने के आदेश दिए थे। इसके तहत जांच अधिकारी या अदालत द्वारा गाड़ी पेश करने को कहे जाने पर उसे तत्काल पेश करना होगा। साथ ही गाड़ी की ऑनरशिप, रंग या अन्य किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकेगा।