डेली संवाद, खरड़। Punjab News: मोहाली के खरड़ इलाके में पुलिस द्वारा लगाए गए स्पेशल नाके के दौरान एक युवक ने कार रोकने के बजाय भागने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का भी प्रयास किया, हालांकि सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और किसी को चोट नहीं आई। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार का पीछा शुरू किया और करीब डेढ़ किलोमीटर आगे जाकर आरोपी को घेरकर पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-115 स्थित जेटीपीएल के सामने पंजाब पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ विशेष नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक वरना कार नाके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी नहीं रोकी और तेजी से नाका पार कर रिहायशी इलाके की ओर भाग गया।

पुलिसकर्मियों को टक्कर मारने की कोशिश की
इस दौरान आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों को टक्कर मारने की भी कोशिश की। घटना के बाद पुलिस (Police) टीम ने तुरंत कार का पीछा किया। करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने वाहन को घेर लिया और उसमें सवार युवक को काबू में कर लिया। मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बन गई।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी आरोपी युवक को पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि युवक खुद को छुड़ाने की कोशिश करता है, जबकि पुलिस उसे नियंत्रित करने में जुटी हुई है। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग घटना को देखते नजर आते हैं।

धक्का-मुक्की हुई
बताया जा रहा है कि आरोपी को काबू में लेने के दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। इसी बीच कुछ पुलिसकर्मी युवक को उसकी कार के बोनट पर लेकर मारपीट करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी नाका तोड़कर क्यों भागा और उसके पास से कोई संदिग्ध सामग्री या अन्य सुराग मिले हैं या नहीं। पूरी घटना के दौरान इलाके में हलचल और तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।









