डेली संवाद, तरनतारन। Punjab News: पंजाब के तरनतारन (Tarn Taran) जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, पट्टी (Patti) के गांव कैरो के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी।
पंजाब (Punjab) पुलिस के जवानों ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। घायलों की पहचान अमन उर्फ अमु निवासी खेमकरण और लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बू निवासी वल्टोहा के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
8 आपराधिक वारदातों को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर इलाके में फिरौती मांगने और लोगों में दहशत फैलाने के लिए घरों व दुकानों के बाहर फायरिंग करते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये दोनों अब तक 7 से 8 आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और अन्य साथियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









