डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब और हरियाणा के लोगों के लिए गर्मी से राहत की खबर सामने आई है। मौसम में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज रात (25 अप्रैल) से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है, जिससे लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
जानकारी के मुताबिक, 26 से 28 अप्रैल के बीच बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है, जिसका असर पूरे क्षेत्र के मौसम पर देखने को मिलेगा। इसके चलते तापमान में लगभग 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

मौसम पूरी तरह गर्म और शुष्क
पिछले कुछ दिनों से पंजाब और हरियाणा में मौसम पूरी तरह से गर्म और शुष्क बना हुआ था। 24 अप्रैल को कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन अब मौसम विभाग का कहना है कि आज से हवाओं की गति बढ़ सकती है, जिससे मौसम में हल्का बदलाव महसूस होगा।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से 25 से 30 अप्रैल के बीच हरियाणा में मौसम लगातार बदलता रहेगा। इस दौरान तेज हवाएं चलने, धूल भरी आंधी आने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 25 अप्रैल को आसमान में आंशिक रूप से बादल भी छाए रह सकते हैं।










