डेली संवाद, लुधियाना। Ludhiana News: लुधियाना शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती दिखाते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। रिहायशी इलाके में नियमों को ताक पर रखकर दुकानों का निर्माण करने और निगम द्वारा लगाई गई सील तोड़ने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार लुधियाना (Ludhiana) के जोन-बी में सहायक नगर योजनाकार (Assistant Town Planner) के पद पर तैनात निरवाण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अप्रैल 2026 को PGD नंबर 792991/792768 के तहत जांच की गई थी। इस दौरान सामने आया कि मनीष कुमार नामक व्यक्ति ने न्यू शिवाजी नगर इलाके में रिहायशी क्षेत्र के भीतर अवैध रूप से दुकानों का निर्माण कर रखा है।
अवैध निर्माण की सील तोड़ी
लुधियाना नगर निगम द्वारा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए उक्त निर्माण पर पहले ही सील लगा दी गई थी। बावजूद इसके, आरोपी ने कानून की अवहेलना करते हुए सील को तोड़ दिया और निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया। जैसे ही इस संबंध में अधिकारियों को सूचना मिली, उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
आरोपी की पहचान मनीष कुमार निवासी गली नंबर-4, न्यू शिवाजी नगर, लुधियाना के रूप में हुई है। थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 221 और 329 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर निगम ने भी स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।










