डेली संवाद, जालंधर। Power Cut in Jalandhar: गर्मी का प्रकोप बढ़ते ही जालंधर शहर में बिजली संकट गहराने लगा है। जहां एक ओर तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली की कटौती ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। खासकर रात के समय लगने वाले अघोषित बिजली कटों से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
जालंधर (Jalandhar) में पिछले तीन दिनों से रात को बिजली काट दी जाती है। पूरी रात बिजली नहीं आ रही है। जिससे लोगों में सरकार और बिजली विभाग के प्रति काफी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि रात 10 बजे से 12 बजे के बीच 2-2 घंटे तक, उसके बाद रात 1 बजे से सुबह 4 बजे तक बिजली गायब रहना सबसे ज्यादा परेशान करने वाला है।
छतों पर समय बिताने को मजबूर
उमस भरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग रात के समय घरों से बाहर निकलकर सड़कों या छतों पर समय बिताने को मजबूर हैं, जिससे उनकी दिनचर्या और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इसी बीच बिजली विभाग ने शनिवार को शहर के कई इलाकों में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक बिजली बंद रखने की घोषणा की है। विभाग के अनुसार यह कटौती 11 केवी फीडरों की जरूरी मरम्मत और रखरखाव कार्य के चलते की जा रही है।
इन इलाकों में बिजली कटेगी
इस निर्धारित कटौती का असर रेलवे रोड, ओल्ड रेलवे रोड, कृष्णा नगर, मंडी फेंटनगंज, गोबिंदगढ़, प्रेम नगर, किला मोहल्ला और भाई दित्त सिंह नगर सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। इन इलाकों के निवासियों को चार घंटे तक बिजली के बिना रहना पड़ेगा।
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बशीरपुरा रेडियो स्टेशन से संचालित फीडरों—मंडी रोड, रेलवे रोड और किला मोहल्ला—की मरम्मत अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में आपूर्ति को बेहतर बनाया जा सके। सहायक कार्यकारी अभियंता ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील भी की है।
लोगों में भारी गुस्सा
हालांकि, लोगों का कहना है कि यदि दिन में मरम्मत के लिए कटौती की जा रही है, तो कम से कम रात के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। लगातार हो रही अघोषित कटौती ने लोगों के धैर्य की परीक्षा ले ली है और अब वे स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।










