डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के कारोबारी और मशहूर रिसोर्ट के मालिक के खिलाफ महिला से छेड़खानी के मामले में FIR दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि रिसोर्ट मालिक ने संविधान चौक के पास स्थित एक जिम में युवती के साथ छेड़छाड़ की है। हालांकि मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस भी आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कह रही है।
जानकारी के अनुसार, जालंधर (Jalandhar) शहर के एक मशहूर रिसोर्ट के ‘ह’ नाम वाले मालिक पर आरोप है कि उसने जिम में युवती के साथ आपत्तिजनक हरकत की। इस संबंध में संबंधित थाने में FIR दर्ज कर ली गई है और आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
CCTV कैमरे में कैद
थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह केस क्राइम अगेंस्ट वूमेन से जुड़ा है, इसलिए फिलहाल आरोपी का नाम और अन्य संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने जिम में युवती के पास जाकर पीछे से उसे पकड़ लिया, जिसकी पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी को बचाने के लिए सत्ताधारी एक प्रभावशाली नेता ने प्रयास किए, लेकिन पुलिस ने किसी दबाव में आए बिना कार्रवाई की और FIR दर्ज कर ली। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी और संबंधित नेता की पहचान सार्वजनिक हो सकती है।











