डेली संवाद, चंडीगढ़। Chandigarh News: चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित जंगल क्षेत्र में नगर निगम के एक कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो मनीमाजरा का ही रहने वाला था और नगर निगम में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।
स्थानीय लोगों ने जंगल क्षेत्र में शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मनीमाजरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
पीठ पर चोट के निशान
प्रारंभिक जांच में मृतक की पीठ पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसकी आखिरी बातचीत किससे हुई थी।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इसके साथ ही परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे किसी प्रकार की रंजिश या विवाद की जानकारी मिल सके। जांच के तहत पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कृष्ण कुमार जंगल क्षेत्र में अकेले गया था या उसके साथ कोई और भी मौजूद था।
रहस्यमयी मौत से पर्दा
परिवार के अनुसार, कृष्ण कुमार सुबह घर से रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि ड्यूटी के दौरान वह किन लोगों के संपर्क में आया था और उसके साथ क्या घटना घटी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और जल्द ही इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठने की उम्मीद जताई जा रही है।











