डेली संवाद, जालंधर।
Firing in Jalandhar: जालंधर (Jalandhar) में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मकसूदा सब्जी मंडी में चल रही एक पंचायत के दौरान अचानक फायरिंग हो गई। इस घटना में भाजपा नेता, समाजसेवी और सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के चेयरमैन मोनू पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके एक पैर को चीरते हुए दूसरे पैर में जा लगी। वहीं, तरुण बठला नामक एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, सब्जी मंडी में फड़ के कब्जे को लेकर दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए मंगलवार शाम दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में मंडी के कई लोग, समाजसेवी और स्थानीय नेता मौजूद थे। पुलिस प्रशासन को भी पहले से तनाव की आशंका थी, इसलिए मौके पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
[caption id="attachment_104609" align="aligncenter" width="1200"]
Firing[/caption]
दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बातचीत सामान्य ढंग से चल रही थी, लेकिन कुछ देर बाद माहौल गर्माने लगा। बहस बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। इसी दौरान एक युवक ने अचानक पिस्टल निकाल ली और सरेआम फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलते ही मंडी परिसर में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में लोग पंचायत में मौजूद हैं। वीडियो में बहस के बाद तनाव बढ़ता दिखाई देता है। कुछ ही सेकंड बाद लाल टी-शर्ट पहने एक युवक हथियार निकालता है और गोली चला देता है। पहली गोली जमीन पर लगती दिखाई देती है, जिससे धूल उड़ती नजर आती है। दूसरी गोली सीधे भाजपा नेता मोनू पुरी को लगी। गोली उनके पैर को चीरते हुए दूसरे पैर तक पहुंच गई।
पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए
फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी बाल-बाल बच गए। वीडियो में एक पुलिस कर्मचारी को भी अपनी पिस्टल निकालते हुए देखा जा सकता है। हालांकि आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि दो राउंड फायरिंग हुई थी। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घायल मोनू पुरी को तुरंत उपचार के लिए सत्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
तरुण बठला नामक घायल व्यक्ति को भी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।घटना के बाद मोनू पुरी ने आरोप लगाया कि हमलावर समझौते के लिए नहीं, बल्कि पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनका कहना है कि गोली चलाने वाले लोग मंडी से ही जुड़े हुए हैं और विवाद पहले से चल रहा था। वहीं, सूत्रों के अनुसार फायरिंग करने वाला व्यक्ति भी भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
[caption id="attachment_110521" align="aligncenter" width="1200"]
BJP leader was shot in Jalandhar[/caption]
पूरे इलाके को सील कर दिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि शाम करीब 5 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी।
पुलिस (Police)
ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद मंडी के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में खुलेआम फायरिंग होना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।