Skip to content

Jalandhar News: शिक्षा का महा जश्न, सरकारी स्कूलों में मेगा अभिभावक-अध्यापक मिलनी और वर्कशॉप को मिला भारी प्रोत्साहन

Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब (Punjab) के सरकारी स्कूलों की शिक्षा को देश में नंबर-1 बनाने वाली 'नीति आयोग' की रिपोर्ट के तहत आज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Mann) की नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य के सरकारी स्कूलों में ‘शिक्षा का महा जश्न’ मनाया गया। इसके अंतर्गत मेगा अभिभावक-अध्यापक मिलनी और वर्कशॉप आयोजित की गई, जिसे अभिभावकों ने भरपूर समर्थन दिया। बारिश के बावजूद जालंधर (Jalandhar) जिले के लगभग 1377 स्कूलों में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने वर्कशॉप में भाग लेकर जहां अपने बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति, परीक्षा परिणामों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर शिक्षकों से विस्तार से चर्चा की, वहीं बोर्ड परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों का सम्मान किया गया।

विभिन्न स्कूलों का दौरा

जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) डा. गुरिंदरजीत कौर और उप जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) राजीव जोशी ने संयुक्त रूप से स्कूल ऑफ एमिनेंस लाडोवाली रोड, सरकारी सह-शिक्षा मॉडल स्कूल लाडोवाली रोड, स्कूल ऑफ एमिनेंस आदमपुर, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हजारा, सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल लाडोवाली रोड, सरकारी हाई स्कूल जंडू सिंघा सहित जिले के विभिन्न स्कूलों का दौरा किया और अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई व सर्वांगीण विकास के लिए जागरूक किया।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

डा. गुरिंदरजीत कौर ने नीति आयोग की स्कूल शिक्षा गुणवत्ता रिपोर्ट-2026 में पंजाब द्वारा पहला रैंक हासिल करने पर अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की नेतृत्व वाली पंजाब सरकार और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के सक्षम नेतृत्व में सरकारी स्कूलों में शिक्षा क्रांति आई है। उन्होंने कहा कि मेगा पी.टी.एम. का मुख्य उद्देश्य स्कूल शिक्षकों, माता-पिता और विद्यार्थियों के बीच मजबूत तालमेल स्थापित करना है, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास को और प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और सुरक्षित सीखने का वातावरण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने की अपील की। राजीव जोशी ने अभिभावकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, स्कूल में चल रही नवीनतम गतिविधियों, खेलों, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की भागीदारी बच्चों की शिक्षा को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों की ताकतों और सुधार वाले क्षेत्रों की जानकारी दी तथा उनकी पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव साझा किए। इसके अलावा अभिभावकों को गर्मियों की छुट्टियों के दौरान बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के आसान तरीकों से भी अवगत करवाया गया। अभिभावकों ने स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं जैसे स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, विज्ञान और गणित लैब आदि तथा अन्य विकास कार्यों के लिए पंजाब सरकार की भरपूर सराहना की। स्कूल ऑफ एमिनेंस आदमपुर के प्रिंसिपल राम आसरा ने कहा कि ऐसे उपक्रम न केवल विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करते हैं, बल्कि अभिभावकों और स्कूलों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को भी और मजबूत बनाते हैं। इस दौरान बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान करने के साथ-साथ उनके शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। स्कूलों में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों, प्रोजेक्टों और अन्य रचनात्मक वस्तुओं की प्रदर्शनियां भी लगाई गई, जिनकी अभिभावकों ने भरपूर प्रशंसा की। इस मौके पर प्रिंसिपल कुलदीप कौर, शिक्षक हरजीत सिंह सहित अन्य शिक्षक, स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।