डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब यूनिवर्सिटी में करंट लगने से जान गंवाने वाली पीएचडी स्कॉलर ज्योति के परिवार और यूनिवर्सिटी प्रशासन के बीच समझौता हो गया है।
बताया जा रहा है कि समझौते के तहत विश्वविद्यालय प्रशासन ने मृतका के छोटे भाई को 21 लाख रुपये का मुआवजा और नौकरी देने की घोषणा की है। इसके बाद परिवार पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गया।
किया जाएगा पोस्टमार्टम
वहीं समझौते के बाद डॉक्टरों के एक पैनल की निगरानी में ज्योति के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव ले जाएंगे।
गौरतलब है कि घटना के बाद परिजन और छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उनकी मांग थी कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और परिवार के एक सदस्य को नौकरी प्रदान की जाए।
दोनों पक्षों के बीच सहमति
कई दौर की बातचीत के बाद आखिरकार दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। बता दें कि मंगलवार सुबह पंजाब यूनिवर्सिटी के दक्षिणी परिसर में गर्ल्स हॉस्टल नंबर 8 और 10 के बीच स्थित क्षेत्र में करंट लगने से पीएचडी स्कॉलर ज्योति की मौत हो गई थी।