डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: देशभर के कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। असम और गुजरात समेत कई राज्यों के अनेक हिस्से भीषण बाढ़ की चपेट में हैं।
बिजली गिरने की भी चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कई इलाकों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, सबसे अधिक बारिश की संभावना बुधवार से शुक्रवार के बीच जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली तथा पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में 10 अगस्त तक अलग-अलग दिनों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में 5 और 6 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 5 अगस्त को अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, पटियाला, मोहाली, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, संगरूर, बरनाला, बठिंडा, मानसा, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, फिरोजपुर, फाजिल्का, तरनतारन और मोगा समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 5 से 7 अगस्त के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।