डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: अगर आप पंजाब के किसी सरकारी दफ्तर में अपना कोई जरूरी काम करवाने की योजना बना रहे हैं, तो फिलहाल इंतजार करना बेहतर होगा। राज्यभर में क्लेरिकल (मिनिस्टीरियल) स्टाफ ने तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है, जिसके चलते सरकारी कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहेगा।
पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन (PSMSU) ने 5 और 6 अगस्त को 'कलम छोड़ो और कंप्यूटर शटडाउन' हड़ताल तथा तीसरे दिन सामूहिक अवकाश लेकर चंडीगढ़ कूच करने का फैसला किया है। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
यूनियन नेताओं ने सभी विभागों के कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालयों में उपस्थित रहें, लेकिन किसी भी प्रकार का सरकारी कार्य न करें। साथ ही, यूनियन की टीमें विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगी। यदि कोई कर्मचारी काम करते हुए पाया गया, तो उसका यूनियन स्तर पर बहिष्कार किया जाएगा।
हड़ताल से प्रभावित होने वाली सेवाएं
तहसील और राजस्व विभाग
जमीन की रजिस्ट्री
इंतकाल (म्यूटेशन)
एनओसी जारी करना
जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र
सरकारी दस्तावेजों का सत्यापन
परिवहन विभाग
ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कार्य
वाहन पंजीकरण (RC)
फिटनेस सर्टिफिकेट
आरटीओ कार्यालयों की अन्य सेवाएं
स्वास्थ्य विभाग
सरकारी कर्मचारियों के मेडिकल बिलों का निपटारा
दिव्यांग प्रमाण पत्र
फूड सेफ्टी से जुड़े कार्यालयी कार्य
सेवा केंद्रों की सेवाएं
यूनियन ने स्पष्ट किया है कि सेवा केंद्रों से आने वाले दस्तावेजों का सत्यापन भी नहीं किया जाएगा। डीसी कार्यालय सहित विभिन्न विभागों में क्लेरिकल स्टाफ के काम बंद रहने से जनसेवा से जुड़े अधिकांश कार्य प्रभावित रहेंगे।
हड़ताल के चलते आम लोगों को सरकारी कार्यालयों में आवश्यक सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।