Skip to content

Jalandhar News: जालंधर के CT कैंपस में बवाल, छात्रों के बीच मारपीट और तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी

जालंधर के CT इंस्टीट्यूट शाहपुर कैंपस में बिहार और कश्मीरी छात्रों के बीच विवाद के बाद तनाव फैल गया। 5-6 छात्रों के घायल होने की जानकारी है। हॉस्टल में तोड़फोड़ और पथराव के कथित VIDEO सामने आए हैं।

Jalandhar News: जालंधर के CT कैंपस में बवाल, छात्रों के बीच मारपीट और तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, ​जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के CT इंस्टीट्यूट शाहपुर कैंपस में बिहार और कश्मीरी छात्रों के बीच विवाद के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। छात्रों के दोनों गुटों के बीच मारपीट और तोड़फोड़ की बात सामने आई है। घटना में बिहार के 5 से 6 छात्रों के घायल होने की जानकारी है। इनमें एक छात्र के सिर पर चोट लगी, जबकि एक अन्य छात्र के पैर में चोट लगने की बात सामने आई है।

विवाद के बाद कैंपस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए इंस्टीट्यूट प्रबंधन ने गेट बंद कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, छात्रों के बीच विवाद कैंटीन में खाने को लेकर शुरू हुआ था। थाना-5 के SHO यादविंदर सिंह ने बताया कि कुछ छात्रों ने खाने में टेबलेट निकलने की शिकायत की थी, जिसके बाद विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि कुछ छात्रों द्वारा मामले को धार्मिक रंग देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया।

पुलिस ने छात्रों के बीच हथियार चलने की बात से इनकार किया है। एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के छात्रों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सभी छात्र फर्स्ट ईयर के हैं और उनकी उम्र करीब 16-17 साल बताई जा रही है।

छात्रों ने लगाए मारपीट के आरोप

दूसरी तरफ, बिहार के छात्रों की ओर से आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान डंडे और बैट का इस्तेमाल हुआ। छात्रों का कहना है कि झगड़े के दौरान हॉस्टल में भी तोड़फोड़ हुई और कई जगहों पर कांच टूट गया।

सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में कैंपस के अंदर टूटे हुए कांच दिखाई दे रहे हैं। एक हॉस्टल रूम में भी कांच बिखरा नजर आ रहा है। कुछ वीडियो में युवक बैट और लोहे की रॉड जैसी वस्तुएं हाथ में लिए दिखाई दे रहे हैं।

एक अन्य वीडियो में पुलिस के सामने कथित तौर पर पत्थर और ईंटें फेंके जाने का दृश्य दिखाई देता है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटनाओं और आरोपों की पूरी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

खाने में रैपर मिलने के बाद प्रदर्शन का दावा

बिहार के छात्रों का आरोप है कि दो दिन पहले उनके खाने में कथित तौर पर एक टैबलेट और उसका रैपर मिला था। इसके बाद उन्होंने इंस्टीट्यूट प्रबंधन और कैंटीन संचालक से शिकायत की थी। छात्रों के अनुसार, वे दो दिनों से बेहतर भोजन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

छात्रों का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ कश्मीरी छात्रों के साथ कहासुनी हुई और कथित तौर पर गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस फिलहाल इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

बजरंग दल और हिंदू नेता भी पहुंचे

घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल और कुछ हिंदू नेता भी CT इंस्टीट्यूट पहुंचे। पुलिस ने उन्हें कैंपस के गेट पर रोक दिया और अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।

इसी दौरान एक हिंदू नेता ने एक छात्र को फोन किया। छात्र ने कथित तौर पर बताया कि अंदर बाउंसरों ने उन्हें रोक रखा है और बाहर नहीं आने दिया जा रहा। इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पंजाब बंद के कारण कल बंद रहेगा इंस्टीट्यूट

पंजाब बंद के मद्देनजर CT इंस्टीट्यूट प्रबंधन ने अगले दिन संस्थान बंद रखने की सूचना जारी की है। मैसेज के मुताबिक, जरूरी कार्यों के लिए केवल ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ही संस्थान में मौजूद रहेगा।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के छात्रों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद विवाद की असली वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।