डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के हरगोबिंद नगर इलाके में एक बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटे ने अपनी पत्नी और एक साथी के साथ मिलकर अपने पिता पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
गंभीर चोट लगने के बाद पिता की मौत हो गई। मृतक की पहचान दलजीत सिंह के रूप में हुई है, जो एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करते थे। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लव मैरिज के बाद बेटे को घर से निकाला था
जानकारी के अनुसार, दलजीत सिंह के बेटे सुखपाल सिंह ने रूही नाम की युवती के साथ लव मैरिज की थी। बताया जा रहा है कि दलजीत सिंह इस शादी के खिलाफ थे। शादी के बाद उन्होंने बेटे को घर से निकाल दिया था।
इसके बाद सुखपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ हरगोबिंद नगर में किराए के मकान में रहने लगा। बताया जा रहा है कि सुखपाल पहले दुबई में रह चुका है और कुछ समय पहले ही वापस लौटा था।
रात को पैसे मांगने पहुंचा था बेटा
पुलिस जांच के अनुसार, सुखपाल की आर्थिक स्थिति इन दिनों ठीक नहीं थी और वह अक्सर अपने पिता से पैसे मांगता था। हालांकि, पिता कथित तौर पर पैसे देने से इनकार कर देते थे। बताया जा रहा है कि 29 अगस्त की रात सुखपाल सिंह अपनी पत्नी रूही और एक दोस्त के साथ पिता के घर पहुंचा।
वहां उसने पिता से पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दलजीत सिंह के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया। गंभीर चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
थाना नंबर-8 पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-8 के प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 103(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।