Skip to content

Punjab News: पंजाब में मनचले की दबंगई: छेड़छाड़ का विरोध करने वाले युवक के घर में घुसकर किया हमला और तोड़फोड़

लुधियाना के न्यू सुभाष नगर में चचेरी बहन से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक के घर में घुसकर हमला और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। टिब्बा पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Punjab News: पंजाब में मनचले की दबंगई: छेड़छाड़ का विरोध करने वाले युवक के घर में घुसकर किया हमला और तोड़फोड़
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना (Ludhiana) के न्यू सुभाष नगर इलाके में कथित तौर पर छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक के घर में घुसकर हमला और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चचेरी बहन को परेशान करने से रोकने पर आरोपी ने रंजिश रखते हुए अपने साथियों के साथ देर रात पीड़ित के घर पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी सफेद रंग की ग्रैंड i10 कार में तोड़फोड़ की और कथित तौर पर मेन गेट को नुकसान पहुंचाकर जबरन घर में घुस गए। घटना के बाद थाना टिब्बा पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चचेरी बहन का पीछा करने का आरोप

पुलिस को दी शिकायत में न्यू सुभाष नगर, गली नंबर 2/5 निवासी गगन शर्मा ने आरोप लगाया कि न्यू सुभाष नगर निवासी रोहन साहनी उसकी चचेरी बहन गायत्री शर्मा का पीछा करता था और रास्ते में रोककर परेशान करता था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने आरोपी को ऐसा करने से रोका और समझाने की कोशिश की तो दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर रंजिश रखनी शुरू कर दी।

पहले मारपीट, फिर घर पर हमला करने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, 25 अगस्त को आरोपी ने एक अज्ञात साथी के साथ मिलकर उसे घर के बाहर घेर लिया और कथित तौर पर मारपीट की।

इसके बाद 27 अगस्त को गगन शर्मा और उसकी बहन ने छेड़छाड़ और मारपीट के संबंध में चौकी सुभाष नगर में शिकायत दर्ज करवाई। बताया जा रहा है कि इलाके के कुछ गणमान्य लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने का प्रयास कर रहे थे।

कार में तोड़फोड़, गेट तोड़कर घर में घुसने का आरोप

शिकायत के अनुसार, 28 अगस्त की देर रात आरोपी अपने दो अज्ञात साथियों के साथ गगन के घर के बाहर पहुंचा। आरोप है कि पहले घर के बाहर खड़ी ग्रैंड i10 कार में तोड़फोड़ की गई। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर धक्के मारकर घर का मेन गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गए।

शोर सुनकर जब परिवार के सदस्य बाहर आए तो आरोपियों ने धक्कामुक्की की और घर के अंदर भी तोड़फोड़ करने का आरोप है। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। शिकायतकर्ता के अनुसार, परिजनों ने हमलावरों के सामने मिन्नतें कर उसकी जान बचाई।

मुख्य आरोपी और 2 अज्ञात के खिलाफ FIR

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना टिब्बा पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने गगन शर्मा के बयान के आधार पर आरोपी रोहन साहनी और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की जांच ASI राजिंदर सिंह कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।