Skip to content

Punjab News: नगर निगम दफ्तर को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

पंजाब के जिला लुधियाना के नगर निगम दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरी ईमेल मिलने से प्रशासनिक व पुलिस महकमे में भारी हड़कंप मच गया है।

Punjab News: नगर निगम दफ्तर को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। पंजाब में बम से उड़ाने की धमकियां मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

मिली जानकारी के मुताबिक लुधियाना के नगर निगम दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरी ईमेल मिलने से प्रशासनिक व पुलिस महकमे में भारी हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, बम निरोधक दस्ता और साइबर सेल अलर्ट मोड पर आ गए हैं।

धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल

ईमेल में आतंकी संगठन बब्बर खालसा और तथाकथित खालिस्तान नेशनल आर्मी का हवाला देते हुए निगम दफ्तर को निशाना बनाने और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर भी आपत्तिजनक व धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

निगम के आधिकारिक पते पर भेजी गई इस मेल में पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के आत्मघाती हमलावर दिलावर सिंह बब्बर का महिमामंडन किया गया है और 31 अगस्त को लेकर भड़काऊ बातें लिखी गई हैं, मेल में लिखा गया है—"Municipal Office @1:11pm", जिससे निगम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तुरंत अलर्ट जारी किया गया।

इसके साथ ही लिखा कि हर सरकारी दफ्तर में दिलावर सिंह की तस्वीर लगाई जाए और 31 अगस्त को उसे याद किया जाए। मेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान की तुलना करते हुए 5 सितंबर को बठिंडा में नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है।