Skip to content

Punjab News: भाजपा नेता श्वेत मलिक ने मोदी सरकार की गिनाई उपलब्धियां, बोले- भाजपा में लोकतंत्र, विपक्ष में परिवारवाद हावी

जालंधर में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए भाजपा को लोकतांत्रिक पार्टी बताया। उन्होंने विपक्षी दलों पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया और कई राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

Punjab News: भाजपा नेता श्वेत मलिक ने मोदी सरकार की गिनाई उपलब्धियां, बोले- भाजपा में लोकतंत्र, विपक्ष में परिवारवाद हावी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Punjab News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। जालंधर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित पार्टी है, जबकि अधिकांश विपक्षी दल परिवारवाद की राजनीति तक सीमित होकर रह गए हैं।

श्वेत मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने दावा किया कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और रक्षा क्षेत्र में भी देश ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। अब भारत केवल हथियारों का आयात ही नहीं, बल्कि रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है।

उन्होंने कहा कि 'वन नेशन, वन टैक्स' (GST) जैसी ऐतिहासिक व्यवस्था लागू की गई है और देशभर में आधुनिक एक्सप्रेस-वे तथा सड़कों का तेजी से विस्तार हो रहा है।

हर घर तक पानी और बिजली पहुंचाने का दावा

भाजपा नेता ने कहा कि 'हर घर जल' योजना के माध्यम से लोगों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है, जबकि बिजली की सुविधा भी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंची है। उन्होंने सवाल उठाया कि आजादी के कई दशकों बाद तक ये बुनियादी सुविधाएं आम लोगों तक क्यों नहीं पहुंच सकीं।

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का किया जिक्र

स्थानीय विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए श्वेत मलिक ने कहा कि पहले रेलवे स्टेशनों पर अव्यवस्था और गंदगी देखने को मिलती थी, लेकिन आज जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप विश्वस्तरीय सुविधाओं का उदाहरण बन चुका है।

भाजपा में लोकतंत्र, विपक्ष में परिवारवाद

भाजपा के संगठनात्मक ढांचे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र मजबूत है और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल परिवारवाद की राजनीति से बाहर नहीं निकल पाए हैं।

उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल और तृणमूल कांग्रेस का नाम लेते हुए कहा कि इन दलों में नेतृत्व परिवारों तक सीमित है, जबकि भाजपा विचारधारा और संगठन के आधार पर आगे बढ़ती है।

अमृतपाल सिंह मामले पर टिप्पणी से किया इनकार

अमृतपाल सिंह की जमानत और जेल से जुड़े सवाल पर श्वेत मलिक ने कहा कि यह पूरी तरह संवैधानिक और न्यायिक विषय है। ऐसे मामलों पर सार्वजनिक टिप्पणी करना उचित नहीं है और इसका निर्णय कानून तथा न्यायपालिका के दायरे में ही होना चाहिए।

उन्होंने अंत में कहा कि स्थानीय संगठनात्मक नियुक्तियों और पार्टी के आंतरिक मामलों पर विस्तृत जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों देंगे।