Skip to content

Punjab News: थाने में पुलिस अफसर से भिड़े AAP नेता, PO को छुड़ाने पहुंचे थे; वीडियो वायरल

अमृतसर में AAP नेता और मजीठा इंचार्ज तलबीर सिंह गिल का थाना सदर का 34 सेकेंड का वीडियो वायरल है। पुलिस के अनुसार गिल एक घोषित अपराधी को छुड़ाने पहुंचे थे। पुलिस अधिकारी से बहस के दौरान वह कुर्सी से गिरते भी नजर आए।

Punjab News: थाने में पुलिस अफसर से भिड़े AAP नेता, PO को छुड़ाने पहुंचे थे; वीडियो वायरल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, अमृतस​र। Punjab News: आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और मजीठा से पार्टी इंचार्ज तलबीर सिंह गिल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 5 सितंबर 2026 का है। वीडियो में तलबीर गिल अमृतसर के थाना सदर में पुलिस अधिकारियों से बातचीत करते और एक घोषित अपराधी (PO) को छुड़ाने की बात करते नजर आ रहे हैं।

करीब 34 सेकेंड के वायरल वीडियो में तलबीर गिल पुलिस अधिकारी से बहस करते दिखाई देते हैं। बातचीत के दौरान वह कुर्सी से उठते हैं और बाद में दोबारा बैठने की कोशिश करते समय अचानक कुर्सी से गिर जाते हैं।

पुलिस अधिकारी से बहस करते नजर आए तलबीर गिल

वायरल वीडियो में तलबीर गिल पजामा-टीशर्ट पहने थाने में नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह एडीसीपी-आईपीएस श्रीनिवेला से कथित तौर पर कहते सुनाई देते हैं कि उन्हें अंदर करने की बात कही जा रही है।

वह आगे कहते हैं कि उनकी गलती क्या है, जो वह एक व्यक्ति को छुड़वाने उसके पीछे थाने पहुंच गए। इसके बाद पुलिस अधिकारी से बहस के दौरान वह यह भी कहते नजर आते हैं कि उन्होंने उनके जैसे 50 एसपी देखे हैं। बातचीत के बाद पीछे मुड़कर कुर्सी पर बैठने की कोशिश करते समय तलबीर गिल अचानक कुर्सी से नीचे गिर जाते हैं।

क्या है पूरा मामला?

एडीसीपी की ओर से मीडिया को दी गई जानकारी के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को थाना सदर पुलिस ने एक घोषित अपराधी (PO) को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान हरपाल सिंह पुत्र संतोष सिंह, निवासी गुरु नानक एवेन्यू, मजीठा रोड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हरपाल सिंह थाना सदर में दर्ज FIR नंबर 50/18 के मामले में घोषित अपराधी था।

गिरफ्तार व्यक्ति को जल्द छोड़ने की मांग का आरोप

एडीसीपी के मुताबिक, AAP नेता तलबीर गिल कुछ अन्य लोगों के साथ थाना सदर पहुंचे थे। वहां उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से गिरफ्तार व्यक्ति को जल्द रिहा करने की बात कही। पुलिस का कहना है कि उन्हें यह गलतफहमी थी कि जिस मामले में व्यक्ति गिरफ्तार हुआ है, वह जमानती अपराध है।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मामला गैर-जमानती है और उसकी जमानत केवल अदालत के माध्यम से ही हो सकती है। इसी दौरान पुलिस कर्मचारियों और वहां पहुंचे लोगों के बीच मामूली बहस होने की बात भी सामने आई है।

बाद में तलबीर गिल की लोगों से भी हुई बहस

एडीसीपी श्रीनिवेला के अनुसार, स्थिति स्पष्ट होने के बाद तलबीर गिल और उनके साथ आए लोगों के बीच भी बहस हुई। पुलिस के मुताबिक, तलबीर गिल ने लोगों से ऐसे व्यक्ति के पीछे नहीं आने और उसकी सिफारिश नहीं करने की बात कही।

वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, वीडियो के पूरे संदर्भ और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि आधिकारिक जांच के आधार पर ही की जा सकती है।