डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब के अमृतसर में एक्टिवा साइड करने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शहर के थाना गेट हकीमा क्षेत्र में 27 वर्षीय युवक अमित सभरवाल की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के मुताबिक, हमलावरों ने अमित पर करीब 6 गोलियां चलाईं। इनमें से 4 गोलियां उसके सिर और पेट में लगने की जानकारी सामने आई है। गंभीर रूप से घायल अमित ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घर के बाहर खड़ी एक्टिवा हटाने को लेकर हुआ विवाद
परिजनों के मुताबिक, घटना शुक्रवार देर रात की है। अमित ने अपनी एक्टिवा घर के बाहर गली में खड़ी की हुई थी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले कुछ युवक वहां पहुंचे और रास्ते से एक्टिवा हटाने को कहा, ताकि वे अपनी गाड़ी निकाल सकें।
यह भी पढ़ें: जालंधर के 66 फुटी रोड पर सट्टेबाजी का 'उत्तम' खेल, सट्टा किंग RK के खिलाफ ED में शिकायत
बताया जा रहा है कि अमित ने एक्टिवा हटाने की बात कही और उसे हटाने के लिए बाहर चला गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने देसी पिस्टल से अमित पर फायरिंग कर दी।
पटाखे जैसी आवाज सुनकर बाहर आए परिजन
अमित के परिवार ने बताया कि वे घर के अंदर थे, तभी बाहर से पटाखे फूटने जैसी आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग तुरंत बाहर पहुंचे तो अमित खून से लथपथ हालत में पड़ा था।
परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आया कि एक्टिवा हटाने की बात इतनी बड़ी वारदात में कैसे बदल गई।
पार्टी से लौटकर घर के बाहर खड़ा था अमित
थाना गेट हकीमा के एसएचओ बलजिंदर सिंह के मुताबिक, पुलिस को रात करीब सवा 3 बजे अमित के पिता सुनील कुमार सभरवाल ने घटना की सूचना दी थी। पिता ने बताया कि अमित अपने दोस्तों के साथ पार्टी करके लौटा था और घर के बाहर खड़ा था। उस समय पिता भी वहां मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाले अभि शाह, सन्नी शाह और रितिक शाह वहां आए थे। एक्टिवा को साइड करने की बात पर बहस हुई। आरोप है कि इसके बाद अभि शाह ने देसी पिस्टल से 5 से 6 गोलियां चलाईं, जिनमें अमित गंभीर रूप से घायल हो गया।
तीन भाइयों के खिलाफ केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसएचओ बलजिंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में एक्टिवा हटाने को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस ने अभि शाह, सन्नी शाह और रितिक शाह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फिलहाल, पुलिस के मुताबिक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है, ताकि वारदात के घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि की जा सके।
मामूली विवाद ने ले ली युवक की जान
अमृतसर में हुई इस वारदात ने एक बार फिर मोहल्लों में छोटे-छोटे विवादों के हिंसक रूप लेने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।