Skip to content

Ayodhya: पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO, गोविंद देव गिरि नए महासचिव

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा बदलाव किया गया है। पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला CEO नियुक्त किया गया है, जबकि गोविंद देव गिरि नए महासचिव बने हैं। ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को भी शामिल किया गया है।

Ayodhya: पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO, गोविंद देव गिरि नए महासचिव
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, अयोध्या। Ayodhya Ram Mandir Trust CEO: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट का पहला CEO नियुक्त किया गया है। ट्रस्ट ने बुधवार को इसकी घोषणा की।

जीतेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब 39 वर्षों तक सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी वायु कमान को लीड किया था।

गोविंद देव गिरि बने नए महासचिव

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष रहे गोविंद देव गिरि को अब नया महासचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, बैठक में ट्रस्टी बनाए गए दिल्ली के महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ट्रस्ट के नए प्रशासनिक ढांचे के अनुसार, CEO और कोषाध्यक्ष महासचिव गोविंद देव गिरि को रिपोर्ट करेंगे।

ट्रस्ट में तीन नए सदस्य शामिल

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को भी शामिल किया गया है। इनमें दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के एडवोकेट मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं।

निर्मला यादव को ट्रस्ट की पहली महिला ट्रस्टी बताया जा रहा है।

चढ़ावे की चोरी के मामले के बाद हुए बदलाव

ट्रस्ट में यह बड़ा बदलाव मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आने के करीब तीन महीने बाद हुआ है। इस मामले में 8 आरोपी जेल में हैं।

इसके बाद 2 जुलाई को ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद रिटायर्ड IFS अधिकारी कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव बनाया गया था।

कृष्ण मोहन करीब 58 दिनों तक इस पद पर रहे। अब ट्रस्ट ने नई नियुक्तियों के साथ प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया है।