Skip to content

Jalandhar News: जालंधर में दर्दनाक हादसा, बहन को स्कूल छोड़ने आए 17 वर्षीय छात्र की बस से कुचलकर मौत

जालंधर के आदमपुर में दो बसों के ओवरटेक के दौरान 17 वर्षीय छात्र राजन की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। राजन परिवार का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया।

Jalandhar News: जालंधर में दर्दनाक हादसा, बहन को स्कूल छोड़ने आए 17 वर्षीय छात्र की बस से कुचलकर मौत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के आदमपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय नौजवान की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजन निवासी चूहड़वाली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजन चूहड़वाली स्कूल में पढ़ता था और अपनी बहन को स्कूल छोड़ने के लिए आया था।

इसी दौरान दो बसों के ओवरटेक करने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों ने धरना लगाकर सड़क जाम कर दी। परिजनों का कहना है कि जब तक हादसे के जिम्मेदार बस चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

परिवार का इकलौता बेटा था राजन

जानकारी के अनुसार, राजन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक बुजुर्ग रिश्तेदार ने बताया कि राजन उसका इकलौता पोता था और बस चालक ने उसे कुचल दिया। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि राजन परिवार का इकलौता भतीजा था।

दो बसों के ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब करतार बस और रोडवेज की बस के बीच ओवरटेक करने की स्थिति बनी। बताया जा रहा है कि करतार बस चालक सवारियों को उतार रहा था। इसी दौरान रोडवेज की बस उसे ओवरटेक करने लगी। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद राजन बस की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार सड़क खराब होने के कारण बस चालक का नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हुआ।

हादसे के बाद चालक फरार, कंडक्टर हिरासत में

हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने बस के कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने हादसे में शामिल बस को भी कब्जे में ले लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

चालक की गिरफ्तारी की मांग, सड़क पर धरना

राजन की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर धरना लगाकर रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि हादसे के जिम्मेदार बस चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए। परिजनों का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर कंडक्टर को थाने ले गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस हादसे के दौरान बसों की स्थिति, सड़क की हालत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।