Skip to content

Punjab News: पंजाब में फर्जी IPS बनकर रौब झाड़ रहा था होमगार्ड जवान, ढाबा मालिक को धमकाया; पुलिस ने किया गिरफ्तार

पंजाब के दोराहा में पंजाब होमगार्ड के एक जवान को फर्जी IPS अधिकारी बनकर लोगों को धमकाने और ढाबा कर्मचारियों से मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अमरजीत सिंह IPS की वर्दी पहनकर बुलेट मोटरसाइकिल पर जीटी रोड स्थित 3 जे ढाबे पर पहुंचा था।

Punjab News: पंजाब में फर्जी IPS बनकर रौब झाड़ रहा था होमगार्ड जवान, ढाबा मालिक को धमकाया; पुलिस ने किया गिरफ्तार
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, खन्ना/लुधियाना। Punjab News: पंजाब के पुलिस जिला खन्ना के दोराहा में फर्जी IPS अधिकारी बनकर रौब झाड़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पंजाब होमगार्ड में तैनात एक जवान ने IPS अधिकारी की वर्दी पहनकर ढाबा मालिक और कर्मचारियों को धमकाया तथा उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

हालांकि, पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अमरजीत सिंह निवासी गांव चोमो के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पंजाब होमगार्ड में जवान के पद पर तैनात है। उसके कब्जे से IPS अधिकारी की वर्दी भी बरामद की गई है। दोराहा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बुलेट पर IPS की वर्दी पहनकर 3 जे ढाबे पर पहुंचा

पुलिस के अनुसार, घटना की रात अमरजीत सिंह बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर जीटी रोड स्थित 3 जे ढाबे पर पहुंचा। उसने IPS अधिकारी की वर्दी पहन रखी थी। ढाबे पर पहुंचते ही उसने कर्मचारियों से सवाल करना शुरू कर दिया कि देर रात तक ढाबा क्यों खुला हुआ है।

आरोप है कि कर्मचारियों की ओर से जवाब देने पर वह भड़क गया। इसके बाद उसने गाली-गलौज की और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान ढाबे पर हंगामे की स्थिति बन गई।

भीड़ जुटी तो मौके से फरार हुआ आरोपी

ढाबे पर हुए विवाद और हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तथा वाहन चालक मौके पर जमा होने लगे। खुद को लोगों के बीच घिरता देखकर आरोपी अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर वहां से फरार हो गया।

यह भी पढ़ें: जालंधर के 66 फुटी रोड पर सट्टेबाजी का 'उत्तम' खेल, सट्टा किंग RK के खिलाफ ED में शिकायत

इसके बाद ढाबा प्रबंधन ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने जांच के निर्देश दिए और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कहा।

CCTV फुटेज से खुला फर्जी IPS अधिकारी का राज

पुलिस ने ढाबे में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में IPS की वर्दी पहने एक व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। जांच के दौरान उसकी पहचान पंजाब होमगार्ड के जवान अमरजीत सिंह के रूप में हुई।

पहचान सामने आने के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से IPS अधिकारी की वर्दी बरामद की गई, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर लोगों पर रौब जमाने के लिए किया जा रहा था।

पहले जेल गार्द में थी ड्यूटी, हाल ही में GRP में हुआ था तबादला

पुलिस जांच के मुताबिक, अमरजीत सिंह की पहले जेल गार्द में ड्यूटी थी। करीब 20 दिन पहले उसका तबादला सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) में किया गया था। इसके बाद उसे दोराहा रेलवे पुलिस चौकी में तैनात किया गया था।

आरोप है कि उसने फर्जी तरीके से IPS अधिकारी की वर्दी तैयार करवाई हुई थी और इसे पहनकर इलाके में घूमता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वर्दी कहां से तैयार करवाई गई थी और क्या आरोपी ने पहले भी इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दिया था।

पुलिस ने शुरू की आगे की जांच

दोराहा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी IPS अधिकारी बनकर किसी अन्य व्यक्ति को भी धमकाया था या नहीं।

CCTV फुटेज और बरामद वर्दी इस मामले की जांच में अहम साक्ष्य माने जा रहे हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपी की अन्य गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।