Skip to content

Accident News: तेज रफ्तार BMW का खौफनाक एक्सीडेंट, फ्लाईओवर से गिरी कार; युवकों ने गंवाई जान

मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही तेज रफ्तार BMW कार फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी।

Accident News: तेज रफ्तार BMW का खौफनाक एक्सीडेंट, फ्लाईओवर से गिरी कार; युवकों ने गंवाई जान
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, मुंबई। Accident News: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही तेज रफ्तार BMW कार फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों और घायल की उम्र 17 से 23 साल के बीच बताई जा रही है।

हादसे के बाद पुलिस, एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें BMW को सड़क से नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है।

तेज रफ्तार के कारण कार से खोया नियंत्रण

पुलिस के मुताबिक, BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान ड्राइवर ने कार पर नियंत्रण खो दिया। कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद फ्लाईओवर से करीब 75 फीट नीचे जा गिरी।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

हादसे में BMW बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकालकर इलाज के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

तीन युवकों की मौत, एक अस्पताल में भर्ती

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान शनाय गज्जल (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य सेठ (17) के रूप में हुई है। वहीं आदित्य ओसवाल (23) हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका नायर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक चारों युवक छात्र थे। मृतकों में शनाय, आदित्य और धैर्य मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। शनाय अहमदाबाद का रहने वाला था और मुंबई में PG में रह रहा था। BMW कार उसके परिवार की बताई जा रही है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सैंपल

हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने दुर्घटनाग्रस्त BMW की जांच की और जरूरी सैंपल जुटाए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और उसकी वास्तविक गति कितनी थी।

करीब 10.58 किलोमीटर लंबा है मुंबई कोस्टल रोड

मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड कॉरिडोर है। यह दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। हाई-स्पीड रोड होने के कारण यहां वाहनों की गति सामान्य शहरी सड़कों की तुलना में अधिक रहती है।

हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है।फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कार की रफ्तार समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।