Skip to content

Punjab News: नए मकान की खुशी में पार्टी, अचानक शुरू हुई फायरिंग; 18 खोल मिले, दो युवक जख्मी

लुधियाना में नए मकान की खुशी में चल रही पार्टी के दौरान फायरिंग कर दी गई। ये फायरिंग जमीन विवाद की रंजिश में की गई। करीब 15 से 20 हथियारबंद हमलावरों ने क्रेन से पहले दीवार तोड़ी और फिर पार्टी कर रहे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

Punjab News: नए मकान की खुशी में पार्टी, अचानक शुरू हुई फायरिंग; 18 खोल मिले, दो युवक जख्मी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना में नए मकान की खुशी में चल रही पार्टी के दौरान जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। गांव कुलियेवाल में करीब 15 से 20 हथियारबंद हमलावरों ने कथित तौर पर पहले क्रेन की मदद से दीवार गिराई और इसके बाद पार्टी कर रहे युवकों पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में दो युवक घायल हो गए, जबकि मौके पर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी भी गोलियों से छलनी हो गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर 4 नामजद आरोपियों समेत करीब 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस को घटनास्थल से 18 कारतूस के खोल भी बरामद हुए हैं।

नए मकान की खुशी में डेयरी फार्म में पार्टी

शिकायतकर्ता अंकुश चोपड़ा उर्फ शालू के अनुसार, 19 सितंबर की रात वह अपने दोस्त के नए मकान बनने की खुशी में राजू डेयरी फार्म में पार्टी कर रहे थे। पार्टी में करीब 10 लोग मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

अंकुश के मुताबिक, रात करीब 12 बजे अचानक बाहर सड़क की तरफ से जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। जब पार्टी में मौजूद लोग बाहर निकले तो उन्हें पता चला कि दीवार गिराई गई है। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए वहां मौजूद लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

दो युवक घायल, स्कॉर्पियो पर भी लगी गोलियां

अचानक हुई फायरिंग में अंकुश चोपड़ा की बाईं आंख के ऊपर छर्रे लगे। उसका दोस्त राजदीप सिंह भी गोलीबारी में घायल हो गया। इसी दौरान पार्टी का सामान लेकर वापस लौट रहे हाकू दीन की सफेद रंग की स्कॉर्पियो पर भी कई गोलियां लगीं।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए पहले लुधियाना के CMCH ले जाया गया। हालांकि परिजनों ने हमलावर पक्ष से जान का खतरा बताते हुए दोनों घायलों को बाद में मोहाली के सुहाना अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

राइफल, पिस्टल और धारदार हथियार लेकर पहुंचे थे हमलावर

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हमलावरों की संख्या करीब 15 से 20 थी। उनके पास राइफल और पिस्टल के अलावा तलवार, दातर और डंडे भी थे।

आरोप है कि हमलावर जमीन विवाद की पुरानी रंजिश के चलते वहां पहुंचे और दीवार तोड़ने के बाद फायरिंग की। पुलिस ने मौके से 18 खोल बरामद किए हैं और घटनास्थल की जांच की जा रही है।

4 नामजद समेत 12 अज्ञात पर केस

पुलिस ने अंकुश चोपड़ा के बयान के आधार पर सुखविंदर सिंह, अमरप्रीत सिंह, जसकरण सिंह और गुरजीत सिंह समेत करीब 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 109, 115(2), 351(2), 324(4), 191(3), 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया है।

चौकी ताजपुर के ASI देविंदर पाल ने मोहाली के सुहाना अस्पताल पहुंचकर घायल अंकुश के बयान दर्ज किए। पुलिस अब हमलावरों की पहचान, घटना में इस्तेमाल हथियारों और जमीन विवाद से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।