डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर जिले के लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर ट्रेन मैनेजर के सिर पर डंडा मारने के मामले में रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को स्टेशन सुपरिटेंडेंट यशवंत सिंह को सस्पेंड कर दिया गया। ऑल इंडिया गार्ड यूनियन के विरोध के बाद रेलवे ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी का गठन भी किया है।
यह घटना गुरुवार सुबह उस समय हुई, जब फिरोजपुर रेल मंडल से जम्मू जा रही बीटीपीएन ट्रेन लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन को आगे रवाना करने के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिलने के कारण ट्रेन मैनेजर और स्टेशन सुपरिटेंडेंट के बीच विवाद हो गया था।
वॉकी-टॉकी पर जवाब नहीं मिलने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ट्रेन मैनेजर रवि वॉकी-टॉकी के जरिए स्टेशन सुपरिटेंडेंट यशवंत सिंह से लगातार दिशा-निर्देश मांग रहे थे, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोको पायलट ज्ञान प्रकाश ने भी संपर्क करने की कोशिश की, मगर उन्हें भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
बाद में पॉइंट्समैन के माध्यम से स्टेशन सुपरिटेंडेंट को संदेश भेजा गया। जवाब में बताया गया कि पहले दूसरी ट्रेन को रवाना किया जाएगा। स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर ट्रेन मैनेजर रवि खुद स्टेशन सुपरिटेंडेंट के पास पहुंचे।
ट्रेन मैनेजर पर डंडे से हमला करने का आरोप
बताया जा रहा है कि ट्रेन मैनेजर रवि ने स्टेशन सुपरिटेंडेंट से ट्रेन को रोके जाने के संबंध में आधिकारिक जानकारी मांगी थी। आरोप है कि इसी दौरान स्टेशन सुपरिटेंडेंट यशवंत सिंह गुस्से में आ गए और उन्होंने ट्रेन मैनेजर पर डंडे से हमला कर दिया।
डंडा लगने से ट्रेन मैनेजर के हाथ से मोबाइल फोन गिर गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। घटना का वीडियो भी वायरल होने की जानकारी सामने आई है।
रेलवे यूनियन के विरोध के बाद कार्रवाई
घटना के बाद ऑल इंडिया ट्रेन गार्ड काउंसिल और ऑल इंडिया गार्ड यूनियन ने विरोध जताया। कर्मचारियों की नाराजगी और मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन सुपरिटेंडेंट यशवंत सिंह को शनिवार को निलंबित कर दिया।
इस कार्रवाई के साथ ही रेलवे ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की है।
दो सदस्यीय कमेटी करेगी मामले की जांच
रेलवे प्रशासन की ओर से गठित कमेटी में सीनियर डीओएम हरमीत सिंह और ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) नितिन बबूटा को शामिल किया गया है। कमेटी ने शुक्रवार को स्टेशन सुपरिटेंडेंट यशवंत सिंह और ट्रेन मैनेजर रवि कुमार को फिरोजपुर मंडल मुख्यालय में तलब कर पूछताछ की थी।
उधर, राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने भी मौके पर पहुंचकर संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। अब विभागीय जांच में घटना के कारणों और दोनों पक्षों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
पूरे दिन स्टेशन पर खड़ा रहा ट्रेन का रैक
इस विवाद और जांच प्रक्रिया के कारण जम्मू जाने वाली बीटीपीएन ट्रेन का रैक पूरे दिन लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर खड़ा रहा। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा और स्टेशन पर कामकाज के दौरान अधिकारियों तथा कर्मचारियों के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल स्टेशन सुपरिटेंडेंट के निलंबन के बाद मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर रेलवे प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।