Skip to content

Punjab News: लुधियाना में गुरुद्वारे में फायरिंग, नकाबपोश बदमाशों ने चलाईं गोलियां, बाबा बलदेव सिंह के कमरे को बनाया निशाना

लुधियाना के जगराओं स्थित राजोवन कलां के गुरुद्वारा मंजी साहिब में बुधवार तड़के दो नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

Punjab News: लुधियाना में गुरुद्वारे में फायरिंग, नकाबपोश बदमाशों ने चलाईं गोलियां, बाबा बलदेव सिंह के कमरे को बनाया निशाना
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं इलाके में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। गांव गगड़ा स्थित गुरुद्वारा गोपालसर के बाद अब राजोवन कलां स्थित गुरुद्वारा मंजी साहिब में फायरिंग की घटना सामने आई है।

बुधवार तड़के करीब 3 बजे दो नकाबपोश बदमाशों ने गुरुद्वारा परिसर में दाखिल होकर बाबा बलदेव सिंह के कमरे को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि घटना के समय बाबा बलदेव सिंह कमरे में मौजूद नहीं थे और उनकी जान बच गई।

तड़के घुसे दो नकाबपोश बदमाश

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 3 बजे दो नकाबपोश व्यक्ति गुरुद्वारा मंजी साहिब परिसर में दाखिल हुए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। परिसर में पहुंचने के बाद उन्होंने पिस्टल निकाली और बाबा बलदेव सिंह के कमरे की ओर कई गोलियां चलाईं।

फायरिंग के दौरान गोलियां कमरे के दरवाजे और दीवार पर लगीं। एक गोली दरवाजे में लगे शीशे को भेदते हुए दूसरी तरफ निकल गई। घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में दहशत का माहौल बन गया।

स्नान करने गए थे बाबा बलदेव सिंह

बताया जा रहा है कि फायरिंग के समय बाबा बलदेव सिंह अपनी दिनचर्या के अनुसार स्नान करने के लिए गए हुए थे। इसी कारण वह कमरे में मौजूद नहीं थे। यदि वह कमरे में होते तो गंभीर हादसा हो सकता था।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना के बाद संगत में रोष है। लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थाना सुधार की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की जांच कर रहे थाना सुधार के एसएचओ राजवरिंदरपाल सिंह के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

आरोपियों की पहचान करने और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए गुरुद्वारा साहिब तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर उठे सवाल

जगराओं क्षेत्र में धार्मिक स्थलों पर लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुद्वारा मंजी साहिब में फायरिंग की घटना के बाद संगत में चिंता और रोष है। अब सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आरोपियों की पहचान कब होती है और इस वारदात के पीछे की असली वजह क्या है।