डेली संवाद, जालंधर। Punjab Politics 2027: पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरे भी बढ़ गए हैं। शुक्रवार को सीएम सैनी एक बार फिर जालंधर पहुंचे। यहां उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने पंजाब सरकार को 'आम आदमी' की नहीं, बल्कि 'खास आदमी' की सरकार करार दिया। इसके साथ ही राहुल गांधी, कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर भी तीखे राजनीतिक हमले किए।
गर्मजोशी से स्वागत
सीएम नायब सिंह सैनी जालंधर में सहयोग वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। शहर के एक निजी स्कूल में पहुंचने पर समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम में वह लोगों को संबोधित करने के साथ उनसे संवाद भी करेंगे। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले उनके लगातार हो रहे दौरों को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
'आम आदमी की नहीं, खास आदमी की सरकार है'
जालंधर पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि पिछले पांच साल में आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना गया। उन्होंने कहा कि यह सरकार आम आदमी की नहीं, बल्कि खास लोगों की सरकार बनकर रह गई है।
सैनी ने आरोप लगाया कि सरकार ने केवल अपने करीबियों को मजबूत करने का काम किया है, जबकि आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग मौजूदा सरकार से निराश हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देंगे।

AAP की टिकटों पर भी उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची और टिकट वितरण पर टिप्पणी करते हुए सीएम सैनी ने आरोप लगाया कि पार्टी ने उन्हीं विधायकों को दोबारा टिकट दिया है, जो कथित तौर पर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों ने पार्टी नेतृत्व की बात नहीं मानी, उनके टिकट काट दिए गए।
सैनी ने AAP के 'कट्टर ईमानदार' होने के दावे पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि ईमानदारी का दावा करने वाली सरकार ने पंजाब को भ्रष्टाचार की दलदल में धकेल दिया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग आज डरे हुए हैं, लेकिन चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद सरकार की असली स्थिति सामने आ जाएगी।
राहुल गांधी की 'जवानी बचाओ यात्रा' पर साधा निशाना
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी की 'जवानी बचाओ यात्रा' और दूसरी पार्टियों को खत्म करने संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए सैनी ने कहा कि उन्हें पहले कांग्रेस के पुराने चुनावी घोषणापत्र को देखना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस के उस वादे का जिक्र किया, जिसमें पवित्र गुटका साहिब की शपथ लेकर पंजाब से नशा खत्म करने और हर घर में रोजगार देने की बात कही गई थी। सैनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नशा और बेरोजगारी दोनों बढ़े।
राहुल गांधी की कार्यशैली पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कोई उन्हें स्क्रिप्ट लिखकर दे देता है और वह आकर उसे पढ़ देते हैं।
पूर्व CM चरणजीत चन्नी पर अवैध खनन को लेकर तंज
सीएम सैनी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर चन्नी को एक डंपर पर चढ़कर अवैध खनन दिखाने संबंधी पोस्ट देखी है।
सैनी ने तंज कसते हुए कहा कि चन्नी को उस डंपर में मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी बैठा लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कांग्रेस सरकार के समय भी बड़े स्तर पर अवैध खनन होता था और मौजूदा मान सरकार के कार्यकाल में भी यह जारी है।
'चुटकुलों से जनता का पेट नहीं भरता'
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष जनता को चुटकुले सुनाकर मूर्ख बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुटकुलों से लोगों का पेट नहीं भरता, जनता को विकास और काम चाहिए।
सैनी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही देश और राज्यों में विकास के काम आगे बढ़ सकते हैं।
पंजाब चुनाव से पहले सैनी के दौरे बढ़ने से सियासी हलचल
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है। जालंधर में उनके इस दौरे के दौरान AAP सरकार, कांग्रेस और राहुल गांधी पर किए गए हमलों ने पंजाब की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।
आने वाले दिनों में चुनावी माहौल गर्म होने के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के पंजाब दौरे और आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है।