डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के गोराया में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पटियाला से ब्यास जा रही एक टैक्सी कार सड़क किनारे खड़े थ्री-व्हीलर (ऑटो) से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार चार यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
तेज रफ्तार वाहन ने टैक्सी को मारी साइड
जानकारी के मुताबिक, टैक्सी ड्राइवर रणजीत सिंह चार यात्रियों को लेकर पटियाला से ब्यास की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार गोराया के पास पहुंची तो अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी कार को साइड मार दी।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
दूसरे वाहन से बचने और यात्रियों की जान सुरक्षित रखने के लिए रणजीत सिंह ने कार का स्टेयरिंग दूसरी तरफ मोड़ दिया। इसी दौरान कार का टायर कट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े थ्री-व्हीलर से जा टकराई। टक्कर के कारण कार और ऑटो को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि कार में सवार चार यात्रियों को चोटें आईं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही गोराया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारू करवाया।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।