डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर की भगत सिंह कॉलोनी में अवैध खोखे हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। जेसीबी से कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने निगम की टीम पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच हाथापाई भी हुई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर थाना नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें खोखे का मालिक भी शामिल बताया जा रहा है। विरोध और पथराव के बावजूद नगर निगम की टीम ने कार्रवाई जारी रखी और मौके से दो खोखे हटा दिए।
पथराव और मारपीट के वीडियो आए सामने
घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट और पत्थरबाजी के वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति को पकड़कर उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक महिला भी पत्थर फेंकती नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
दूसरी ओर, इलाके के कुछ लोग भी जवाब में पत्थरबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हुई झड़प चर्चा का विषय बनी हुई है।
बिना नोटिस खोखे हटाने का लगाया आरोप
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर निगम की टीम पर बिना पूर्व नोटिस दिए खोखे हटाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि निगम को कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस देना चाहिए था।
वहीं, इलाके के लोगों का दावा है कि अवैध कब्जों को लेकर शिकायतें मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने इलाके में अवैध रूप से झुग्गियां बना रखी हैं।
दोनों पक्षों के बयान लेकर होगी कार्रवाई
थाना नंबर-1 के प्रभारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम ने भगत सिंह कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए दो खोखे हटाए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव किया।
पुलिस ने मामले में एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।