Skip to content

Ludhiana Accident: लुधियाना में बेकाबू कार ने 5 लोगों को कुचला, मौके पर एक की मौत; CCTV में कैद हुआ हादसा

लुधियाना के ईस्सा नगरी पुली में तेज रफ्तार वरना कार ने करीब 5 लोगों को कुचल दिया। सब्जी विक्रेता जगतार सिंह गोशा की मौत, CCTV फुटेज सामने आया, ड्राइवर गिरफ्तार।

Ludhiana Accident: लुधियाना में बेकाबू कार ने 5 लोगों को कुचला, मौके पर एक की मौत; CCTV में कैद हुआ हादसा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना में गुरुवार (5 नवंबर) सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। थाना डिवीजन नंबर-3 के अधीन ईस्सा नगरी पुली इलाके में तेज रफ्तार वरना कार बेकाबू होकर सड़क पर चल रहे लोगों को कुचलती चली गई। इस हादसे में स्कूटी सवार सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार लोगों को टक्कर मारते हुए आगे निकलती दिखाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। कार ने पहले स्कूटी सवार सब्जी विक्रेता को टक्कर मारी और उसे काफी दूर तक घसीटते हुए कुचल दिया। इसके बाद रास्ते में आए अन्य लोग भी कार की चपेट में आ गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सब्जी बेच रहा था जगतार सिंह गोशा

हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान जगतार सिंह गोशा के रूप में हुई है। वह बूथगढ़ की ससराली कॉलोनी का रहने वाला था। स्थानीय लोगों के अनुसार, जगतार सिंह पिछले करीब 20 साल से ईस्सा नगरी पुली इलाके में साग-सब्जी बेचने का काम कर रहा था।

गुरुवार सुबह वह अपनी स्कूटी पर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वरना कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

कार की चपेट में आए कई लोग

हादसे में घायल अशोक कुमार ने बताया कि कार काफी तेज रफ्तार से आ रही थी। सबसे पहले कार ने सब्जी विक्रेता को टक्कर मारी और उसके बाद उसे भी अपनी चपेट में ले लिया।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

अशोक कुमार के मुताबिक, वह पैदल जा रहा था। कार की टक्कर लगने के बाद वह बेहोश हो गया। उसके बच्चों ने उसे संभाला। हादसे में उसके सिर, उंगली और पीठ पर चोटें आई हैं। उसने बताया कि बेहोश होने के कारण उसे यह भी पता नहीं चल पाया कि कार में कितने लोग सवार थे और कितने अन्य लोग इसकी चपेट में आए।

लोगों का दावा- कार चलाना सीख रहा था ड्राइवर

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि कार चालक गाड़ी चलाना सीख रहा था। बाजार में भीड़ देखकर वह घबरा गया और कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया। हालांकि, हादसे की असली वजह पुलिस की जांच और ड्राइवर से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगी।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने ड्राइवर को किया गिरफ्तार, पूछताछ जारी

थाना डिवीजन नंबर-3 के SHO गुरजीत सिंह ने बताया कि कार चालक की पहचान तमनजोत सिंह के रूप में हुई है। वह फील्ड गंज का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 20 से 22 साल बताई जा रही है।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। SHO के मुताबिक, पूछताछ के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर भी घटना की परिस्थितियों को समझा जा रहा है।

CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

लुधियाना के ईस्सा नगरी पुली इलाके में हुए इस हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में तेज रफ्तार वरना कार सड़क पर आगे बढ़ती दिखाई देती है। इस दौरान कार एक के बाद एक सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेती नजर आती है।

इस हादसे ने एक बार फिर शहर की व्यस्त सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।