Skip to content

ED Raid: पंजाब में ED की बड़ी कार्रवाई, महिला MLA के बाद अब निलंबित पटवारी के घर पहुंची टीम

पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी है। मोगा से AAP की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद गुरुवार सुबह ED की टीम ने फिरोजपुर जिले के जीरा में निलंबित पटवारी नवदीप सिंह के घर रेड की।

ED Raid: पंजाब में ED की बड़ी कार्रवाई, महिला MLA के बाद अब निलंबित पटवारी के घर पहुंची टीम
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, मोगा। ED Raid: पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी है। मोगा से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के कई ठिकानों पर छापेमारी के बाद गुरुवार सुबह ED की टीम ने फिरोजपुर जिले के जीरा में निलंबित पटवारी नवदीप सिंह के घर रेड की। पटवारी के घर के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान तैनात किए गए हैं और किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

नवदीप सिंह पहले मोगा जिले के धर्मकोट में पटवारी के पद पर तैनात था। उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। बाद में राजस्व विभाग ने उसे निलंबित कर दिया था। वह 7 जुलाई 2026 को जमानत पर जेल से बाहर आया था।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि निलंबित पटवारी का AAP विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा से क्या संबंध है। ED की कार्रवाई को नेशनल हाईवे-754A के निर्माण के लिए अधिगृहित सरकारी जमीन के कथित फर्जी इंतकाल और मुआवजा घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है।

विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के 7 ठिकानों पर ED की रेड

ED की टीमों ने बुधवार सुबह करीब 6 बजे मोगा से AAP विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, विधायक के घर सहित कुल 7 परिसरों को जांच के दायरे में लिया गया। इनमें मोगा स्थित विधायक का आवास, डोसांझ रोड की मॉडल कॉलोनी में कैंप कार्यालय और जीटी रोड स्थित आइकॉन हाइट्स का एक फ्लैट शामिल है।

इसके अलावा खन्ना के नजदीक लिबड़ा गांव में विधायक के ननिहाल से जुड़े ठिकाने पर भी ED की टीम पहुंची। बाघापुराना स्थित आशीर्वाद नशा मुक्ति एवं पुनर्वास अस्पताल में भी तलाशी ली गई। इस अस्पताल का संबंध विधायक के पति डॉ. राकेश अरोड़ा से बताया जा रहा है। विधायक के पति से जुड़े अन्य परिसरों और परिवार के सदस्यों व करीबियों से संबंधित ठिकानों पर भी जांच की गई।

Moga AAP MLA Amandeep Kaur Arora ED Raid.jpg

सस्पेंडेड पटवारी नवदीप सिंह पर करोड़ों की धोखाधड़ी के आरोप

ED की कार्रवाई के दायरे में आए नवदीप सिंह की पहले मोगा जिले के धर्मकोट में तैनाती रही है। उसके खिलाफ 16 जून 2024 को धर्मकोट थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में उसे गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद वह फरीदकोट जेल में बंद रहा।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

इसके बाद राजस्व विभाग ने उसे निलंबित कर दिया था। 7 जुलाई 2026 को जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया था। अब ED की टीम ने जीरा स्थित उसके घर पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी इस मामले से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित सबूतों की जांच कर रही है।

क्या है नेशनल हाईवे-754A का कथित मुआवजा घोटाला?

इस मामले की शुरुआत पंजाब पुलिस द्वारा 16 जून 2024 को धर्मकोट थाने में दर्ज FIR से हुई थी। मामला मोगा जिले के आदरमान गांव की सरकारी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि नेशनल हाईवे-754A के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान राजस्व रिकॉर्ड में कथित तौर पर फर्जी इंतकाल तैयार किया गया। इसके जरिए सरकारी जमीन को निजी जमीन दिखाकर मुआवजे की रकम हासिल की गई।

जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, निजी लाभार्थी दिलखुश कुमारी को करीब 1 करोड़ 65 हजार 724 रुपये का मुआवजा जारी किया गया था। बाद की जांच में संबंधित जमीन पंजाब सरकार की पाई गई। यह भी आरोप है कि तत्कालीन तहसीलदार के फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव किया गया था। मोहाली की फॉरेंसिक साइंस लैब की जांच में भी दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों के कथित तौर पर फर्जी होने की बात सामने आई थी।

लिबड़ा गांव में मोबाइल फोन कब्जे में लेने की चर्चा

ED की छापेमारी के दौरान अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की जांच की गई। खन्ना के नजदीक लिबड़ा गांव स्थित परिसर से मोबाइल फोन कब्जे में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

जांच एजेंसी कथित मनी ट्रेल का पता लगाने में जुटी है। अधिकारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि मुआवजे के रूप में जारी की गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। हालांकि, अभी तक ED की ओर से छापेमारी में नकदी, सोना या किसी बड़ी संपत्ति की बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

ED की रेड के विरोध में AAP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

विधायक के आवास पर ED की कार्रवाई की खबर फैलते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता वहां एकत्रित हो गए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया।

AAP नेताओं और विधायक के समर्थकों ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ी पंजाब की सियासी हलचल

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जारी अपनी पहली उम्मीदवार सूची में डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को एक बार फिर मोगा विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है।

चुनाव से पहले विधायक के ठिकानों पर ED की छापेमारी और अब निलंबित पटवारी के घर हुई कार्रवाई ने पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि ED की जांच में कौन से नए तथ्य सामने आते हैं और कथित मुआवजा घोटाले में आगे किन लोगों पर कार्रवाई होती है।