डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने के लिए विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखा है। इससे पहले विधानसभा में भी भगवंत मान पाकिस्तान जाने और वहां स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने की इच्छा जता चुके हैं।
मुख्यमंत्री का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब उन्हें पाकिस्तान के लाहौर में आयोजित होने वाले चौथे अंतरराष्ट्रीय पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।
विधानसभा में उठाया था पाकिस्तान जाने का मुद्दा
23 अक्टूबर को पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया था कि उन्हें पाकिस्तान के लाहौर में आयोजित होने वाले विश्व पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। इस दौरान उन्होंने भारत और पाकिस्तान के पंजाब के बीच भाषा, संस्कृति, विरासत और ऐतिहासिक जड़ों की समानता का जिक्र किया था।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि जब उन्हें जापान और फ्रांस जैसे देशों में जाने की अनुमति नहीं दी जाती, तो पाकिस्तान जाने की अनुमति कैसे मिलेगी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने भी कहा था कि यदि मुख्यमंत्री को पाकिस्तान जाने की अनुमति मिलती है, तो वह पूरे सदन को साथ लेकर जाएं।
लाहौर में 27 से 29 नवंबर तक होगा पंजाबी सम्मेलन
25 अक्टूबर को पाकिस्तान की संस्था 'पंजाबी प्रचार' की ओर से मुख्यमंत्री भगवंत मान को चौथे अंतरराष्ट्रीय पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भेजा गया था। यह सम्मेलन 27 से 29 नवंबर तक लाहौर स्थित पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लैंग्वेज, आर्ट एंड कल्चर (PILAC) में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान को सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। 27 अक्टूबर को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था।
पाकिस्तान के मंत्री ने भी दिया था न्योता
रमेश सिंह अरोड़ा पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भी हैं। पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा में उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, सभी विधायकों और अन्य प्रतिनिधियों को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था।
उन्होंने करतारपुर साहिब सहित पाकिस्तान में स्थित अन्य ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने की पेशकश भी की थी। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज की ओर से भी भगवंत मान का स्वागत किए जाने की बात कही गई थी। अब मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से करतारपुर साहिब जाने के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखे जाने के बाद इस मामले में केंद्र सरकार के फैसले पर नजरें टिकी हैं।