डेली संवाद, खन्ना। Punjab News: खन्ना के कब्जा फैक्ट्री रोड स्थित एक रिहायशी इलाके में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री से ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिसे देख आसपास के लोग घबरा कर अपने घरों से बाहर निकल आए।
कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

लंबे प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया
हालांकि, खन्ना (Khanna) के, फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की बात सामने आई है। मोहल्ला निवासी शशि वर्धन के अनुसार आग सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच लगी। उन्होंने बताया कि इलाके में घनी आबादी होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। वहीं स्थानीय निवासी अवतार मोरिया ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में कई फैक्ट्रियां अवैध रूप से संचालित हो रही हैं।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार नगर काउंसिल को शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। दूसरी ओर संबंधित फैक्ट्री के मालिक संजय ने फायर ब्रिगेड पर देर से पहुंचने का आरोप लगाया, जिससे नुकसान अधिक हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास फैक्ट्री संचालन के लिए सभी आवश्यक एनओसी मौजूद हैं।
मामले की जांच की जा रही
फायर अधिकारी दमनप्रीत ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी उचित कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।










