डेली संवाद, मोगा।
Punjab News: पंजाब के मोगा के धर्मकोट कस्बे की चुग्गा बस्ती स्थित गुरुद्वारा धर्म की पौड़ी में बेअदबी की कोशिश का मामला सामने आया है। एक युवक ने गुरुद्वारा परिसर में घुसकर शीशा तोड़ दिया और अंदर सुखासन स्थल तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे ग्रंथी ज्ञानी बलदेव सिंह नितनेम के बाद गुरुद्वारा साहिब को ताला लगाकर घर लौट गए थे। इसी दौरान एक युवक परिसर में घुस आया और खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश कर गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले गोलक के पास पहुंचकर छेड़छाड़ की और फिर सुखासन स्थल तक चला गया।
मौके पर पहुंचे ग्रामीण
घटना को गुरुद्वारे के पीछे स्थित एक घर की छत पर मौजूद महिला ने देख लिया और शोर मचा दिया, जिसके बाद गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से जर्दा और तंबाकू भी बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान निकटवर्ती गांव जलालाबाद पूर्वी निवासी के रूप में हुई है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसकी मंशा की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे चोरी के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है, हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
धार्मिक संगठनों में रोष
घटना के बाद धार्मिक संगठनों में रोष देखने को मिला है। शिरोमणि पंथक अकाली दसमेश तरना दल घुड़सवार के प्रमुख बाबा सतनाम सिंह ने गुरुद्वारा प्रबंधक समिति पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पहले भी इस तरह की घटनाओं की जानकारी दी गई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।