Skip to content

Election in Punjab: पंजाब में चुनाव की घोषणा, चुनाव आयोग ने जारी किया नोटिफिकेशन, पढ़ें

Election
Election
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, चंडीगढ़। Election in Punjab: पंजाब में एक बार फिर चुनावी माहौल बनने जा रहा है। पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने राज्य की चार नगर निकाय संस्थाओं में आम चुनाव कराने की घोषणा कर दी है। इस संबंध में आयोग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। चुनावों के तहत 5 जुलाई 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतदाताओं को अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल करना होगा। चुनाव आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जिन चार नगर निकायों में चुनाव कराए जाएंगे उनमें नगर निगम होशियारपुर (जिला होशियारपुर), नगर परिषद गुरु हरसहाय (जिला फिरोजपुर), नगर परिषद जलालाबाद (जिला फाजिल्का) और नगर पंचायत ममदोट (जिला फिरोजपुर) शामिल हैं।

22 जून से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

पंजाब राज्य चुनाव आयोग के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 26 जून को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। उम्मीदवार 27 जून 2026 दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

5 जुलाई को होगा मतदान

चारों नगर निकायों के लिए मतदान 5 जुलाई 2026 (रविवार) को कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस बार मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की बजाय बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा।

राजनीतिक दलों ने शुरू की तैयारियां

चुनावों की घोषणा के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। आगामी दिनों में उम्मीदवारों की घोषणा, प्रचार अभियान और चुनावी सभाओं का दौर भी शुरू हो जाएगा। इन चुनावों को स्थानीय विकास, नगर प्रशासन और क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजरें 5 जुलाई को होने वाले मतदान और उसके परिणामों पर टिकी हैं।