डेली संवाद, लुधियाना।
Punjab News: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों घायल करीब 15 फीट दूर जाकर गिरे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की बाजू और कमर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरे के सिर में गहरी चोट लगने से टांके लगाने पड़े। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सर्विस सेंटर मालिक ने नाबालिगों को चाबी दी
जानकारी के अनुसार, यह हादसा नीला झंडा रोड पर स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मनू नामक व्यक्ति ने शुक्रवार रात करीब 8 बजे अपनी जेन कार धुलाई के लिए कार वॉशिंग सेंटर पर छोड़ी थी। कार की सफाई के बाद वहां मौजूद कुछ नाबालिग लड़कों को गाड़ी साइड में लगाने के लिए चाबी दे दी गई।
आरोप है कि कार वॉशिंग सेंटर मालिक की लापरवाही के कारण नाबालिग लड़के कार लेकर बाजार में घूमने निकल पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चला रहे लड़के की उम्र 16 साल से भी कम थी। उसने कार को करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाना शुरू कर दिया। इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर चल रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
[caption id="attachment_21536" align="aligncenter" width="1200"]
Injured Ajay and Khurshid providing details about the accident.[/caption]
घायल साइकिल से घर लौट रहा था
हादसे में घायल हुए 21 वर्षीय अजय ने बताया कि वह काम खत्म कर साइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह सड़क पार करने लगा, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। अजय के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि वह हवा में उछलकर दूर जा गिरा। हादसे में उसकी कमर और बाजू पर गंभीर चोटें आई हैं।
दूसरे घायल खुर्शीद आलम (46) ने बताया कि वह टिब्बा रोड का निवासी है और नीला झंडा रोड पर उसकी दुकान है। उसने बताया कि कार की रफ्तार बेहद तेज थी। पहले कार ने साइकिल सवार अजय को टक्कर मारी और फिर उसे भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसके सिर पर गहरी चोट आई, जिसके चलते डॉक्टरों को तीन से पांच टांके लगाने पड़े।
[caption id="attachment_16612" align="aligncenter" width="1200"]
Accident News[/caption]
कार के मालिक से भी पूछताछ की जा रही
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत घायलों को संभाला और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी क्लिनिक पहुंचाया। हादसे में कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, कार वॉशिंग सेंटर के मालिक से भी पूछताछ की जा रही है कि आखिर नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए चाबी क्यों सौंपी गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।