Skip to content

Accident News: स्पीड में दौड़ रही कार हुई बेकाबू, पेड़ और रेहड़ी से टकराई; 3 लोगों की मौत

जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चोलंग टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार फ्रोंक्स कार पेड़ और रेहड़ी से टकरा गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हुए।

Accident News: स्पीड में दौड़ रही कार हुई बेकाबू, पेड़ और रेहड़ी से टकराई; 3 लोगों की मौत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Accident News: जालंधर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चोलंग टोल प्लाजा के पास दोपहर करीब 2:20 बजे हुआ।

तेज रफ्तार Maruti Suzuki Fronx कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ और उसके पास खड़ी रेहड़ी से जा टकराई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति समेत कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन अन्य युवक घायल हुए, जिन्हें पुलिस और सड़क सुरक्षा बल की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी कार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार जालंधर से पठानकोट की तरफ जा रही थी। चोलंग टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही चालक का कार पर नियंत्रण नहीं रहा। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे थी।

अनियंत्रित कार पहले सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराई और इसके बाद पास में खड़ी रेहड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

Accident at Jalandhar Pathankot Highway

हादसे में 3 लोगों की मौके पर मौत

भीषण टक्कर में रेहड़ी लगाने वाले सुखविंदर सिंह (50), निवासी चक शकूर, और कार में सवार इखलास कादिर तथा अनीक अमीन की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में कार सवार उमैर अहमद निवासी श्रीनगर, दानिश और सोहेल घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल टांडा में भर्ती कराया गया है।

कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

हादसे की तस्वीरें दुर्घटना की गंभीरता को बयां कर रही हैं। टक्कर के कारण कार का बोनट और अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। हादसे में एक मृतक के शरीर के कई हिस्से अलग-अलग जगहों पर बिखर गए थे, जिन्हें पुलिस और राहत टीम ने एकत्र कर सुरक्षित रखा। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए हादसे से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए हैं।

हादसे की सूचना एक राहगीर ने दोपहर करीब 2:20 बजे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स के ASI सतनाम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल टांडा पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मृतकों और घायलों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान:

सुखविंदर सिंह (50), निवासी चक शकूर

इखलास कादिर

अनीक अमीन

के रूप में हुई है।

वहीं घायलों की पहचान उमैर अहमद निवासी श्रीनगर, दानिश और सोहेल के रूप में हुई है।

पुलिस ने सामान कब्जे में लिया

घटनास्थल से मिले मृतकों और घायलों के सामान को पुलिस ने सुरक्षित एकत्र कर थाना भोगपुर के SI सुरिंदर सिंह को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, सामान में 7 किट बैग, एक लैपटॉप, 3 पर्स, 4,400 रुपए नकद, कार्ड्स, एक हाथ की घड़ी, 2 मोबाइल फोन और 2 मोबाइल चार्जर शामिल हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने तीनों मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार चालक का नियंत्रण किस वजह से बिगड़ा। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता घायलों का उपचार और हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच करना है।