Skip to content

Punjab News: पनग्रेन गोदाम पर हथियारबंद बदमाशों का धावा, 357 गेहूं के कट्टे चोरी; एक गिरफ्तार

अमृतसर के सोहियां कलां स्थित पनग्रेन गोदाम से हथियारबंद बदमाश 357 गेहूं के कट्टे चोरी कर फरार हो गए। बदमाशों ने सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Punjab News: पनग्रेन गोदाम पर हथियारबंद बदमाशों का धावा, 357 गेहूं के कट्टे चोरी; एक गिरफ्तार
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, अमृतस​र। Punjab News: पंजाब के अमृतसर में पनग्रेन के गोदाम में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। यहां हथियारबंद बदमाशों ने सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर 357 गेहूं के कट्टे चोरी कर लिए। घटना 16 और 17 अगस्त की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मामले में पुलिस (Police) ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए तेजधार हथियारों का इस्तेमाल किया और सुरक्षा गार्डों को जान से मारने की धमकी देकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी पनग्रेन एजेंसी के गोदाम में रखे गेहूं के कट्टे वाहन में लादकर फरार हो गए।

पनग्रेन इंस्पेक्टर ने दर्ज करवाई शिकायत

इस मामले में खाद्य एवं सिविल सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर असीस आहाजन, निवासी तिलक नगर, थाना ए डिवीजन, अमृतसर ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह मजीठा सर्कल की जिम्मेदारी संभालते हैं।

इस सर्कल के अंतर्गत बल्ल कलां और नाग कलां के ओपन गोदाम के अलावा सोहियां कलां स्थित पंकज एग्रो वेयरहाउस भी आता है। इसी वेयरहाउस में पनग्रेन एजेंसी का गेहूं स्टोर किया गया था। रात के समय सुरक्षा के लिए वहां गार्ड तैनात रहते हैं।

हथियारबंद बदमाशों ने गार्डों को बनाया बंधक

शिकायत के मुताबिक, 16 और 17 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 1 बजे कई अज्ञात आरोपी तेजधार हथियारों के साथ पंकज एग्रो वेयरहाउस, सोहियां कलां में दाखिल हुए।

आरोपियों ने वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों को धमकाया और जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें हथियारों के बल पर एक कमरे में बंद कर दिया। गार्डों को बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने बेखौफ होकर गोदाम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।आरोपियों ने पनग्रेन एजेंसी के गोदाम में रखे गेहूं के कट्टे एक वाहन में लादे और मौके से फरार हो गए।

रात 2:24 बजे मिली चोरी की सूचना

घटना के बाद सुरक्षा गार्ड जसकरण सिंह ने रात करीब 2:24 बजे फोन कर इंस्पेक्टर असीस आहाजन को वारदात की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद गोदाम में रखे गेहूं के स्टॉक की जांच और गिनती की गई। गिनती के दौरान 357 गेहूं के कट्टे गायब पाए गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और जांच शुरू की गई।

कश्मीर सिंह गिरफ्तार, साथियों की तलाश जारी

पुलिस जांच में वारदात में कश्मीर सिंह निवासी वेरका और उसके कुछ अज्ञात साथियों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने कश्मीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात के लिए PB02-EP-2706 नंबर के वाहन का इस्तेमाल किया था। पुलिस अब वाहन और उसके इस्तेमाल से जुड़ी कड़ियों की जांच कर रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस खंगाल रही CCTV और अन्य सबूत

पुलिस मामले में घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य चोरी किए गए गेहूं के कट्टों को बरामद करना और वारदात में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचना है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने गोदाम में प्रवेश कैसे किया और उन्हें गेहूं के स्टॉक की जानकारी पहले से थी या नहीं। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की जांच के बाद और भी खुलासे होने की संभावना है।